national
मौसम : बिहार में येलो अलर्ट, 15 अगस्त तक झारखंड के अलावा इन राज्यों में होगी भारी बारिश

Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 10 से 15 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के लगभग सभी हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है. वही, पूर्वी राजस्थान में 13 अगस्त तक, जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 10-11 अगस्त और फिर 13-14 अगस्त के दौरान अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 अगस्त को कई इलाकों में तेज बारिश का अनुमान जताया गया है.
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 से 15 अगस्त के बीच मध्य भारत के राज्यों में मानसूनी गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 10 से 11 अगस्त के दौरान जबकि छत्तीसगढ़ में 10 अगस्त और 13-15 अगस्त के बीच अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें: यूपी में आज से बदलेगा मौसम, 10, 13 और 14 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की साप्ताहिक चेतावनी रिपोर्ट
बिहार में येलो अलर्ट
मौसम विभाग पटना के अनुसार, बिहार के पश्चिम चंपारण, ईस्ट चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद के साथ-साथ सुदूर पूर्व के किशनगंज जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां कहीं-कहीं मेघगर्जन (Thunderstorm) और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने (Gusty Winds) के अलावा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. विशेष रूप से कैमूर जिले में भारी बारिश (Heavy Rainfall) के आसार हैं. वहीं दूसरी ओर, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया समेत राज्य के अधिकांश मध्य, दक्षिणी एवं पूर्वी हिस्से हरे (Green - No Warning) जोन में हैं, जहाँ मौसम सामान्य रहने और किसी बड़ी चेतावनी की संभावना नहीं है.
ये भी पढ़ें: दक्षिण बंगाल के 6 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट! समुद्र में उठ सकती हैं ऊंची लहरें, जानें कोलकाता का मौसम
झारखंड का कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 10 से 13 अगस्त के दौरान मौसम काफी खराब रहने का अनुमान है. पूरे राज्य में 13 अगस्त तक लगातार अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात (Lightning) और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, 13 अगस्त को राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का विशेष अलर्ट भी जारी किया गया है.
मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें .
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में 10 से 12 अगस्त के दौरान मुख्य रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश देखने को मिलेगी. 10 अगस्त को दोपहर या शाम के समय एक-दो दौर की बहुत हल्की बारिश (Very Light Rain) की संभावना है, जबकि तापमान 33-35°C (अधिकतम) और 24-26°C (न्यूनतम) रहेगा. 11 अगस्त को तड़के से दोपहर तथा फिर शाम या रात के समय हल्की से मध्यम बारिश (Very Light to Light Rain) के आसार हैं, जिससे अधिकतम तापमान गिरकर 32-34°C हो सकता है. इसके बाद 12 अगस्त को भी दोपहर से शाम के बीच बहुत हल्की बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं.
बंगाल में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण बंगाल के जिलों में आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. सोमवार (10 अगस्त) को मौसम अधिक सक्रिय रहेगा, जिसके तहत उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों के लिए तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके बाद मंगलवार (11 अगस्त) को भी दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है.