Friday, 28 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Ranchi में बदल जाएगी बाजारों की तस्वीर, बकरी बाजार में मल्टीस्टोरी पार्किंग और खादगढ़ा में बनेगा थ्री स्टार होटल

INT News28 August 2026 at 09:36 am

Ranchi News: रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. बैठक में रातू रोड स्थित न्यू मार्केट और डेली मार्केट में अत्याधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया गया. वहीं, बकरी बाजार में मल्टीस्टोरी पार्किंग के साथ मार्केट और खादगढ़ा बस स्टैंड परिसर में थ्री स्टार होटल के निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई.

बैठक को संबोधित करते हुए मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी में पार्किंग की समस्या काफी हद तक कम होगी. साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों को भी आधुनिक स्वरूप मिलेगा. खादगढ़ा बस स्टैंड परिसर के विकास से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

मेयर ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं का निर्माण नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनबीसीसी) की ओर से किया जाएगा. इसके लिए रांची नगर निगम को किसी तरह की राशि का भुगतान नहीं करना होगा. परियोजनाओं से होने वाली आय में से एक हिस्सा एनबीसीसी नगर निगम को देगा. बैठक में डिप्टी मेयर नीरज कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, नगर आयुक्त सुशांत गौरव समेत सभी 53 वार्डों के पार्षद मौजूद थे.

छह स्थानों पर शुरू होंगे सर्किल ऑफिस

नगर निगम बोर्ड ने शहर में छह सर्किल ऑफिस शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी. ये कार्यालय वार्ड 21 के बड़ा तालाब, वार्ड 32 के पंडरा, वार्ड छह के बांधगाड़ी, वार्ड 42 में धुर्वा निर्वाचन कार्यालय के समीप, वार्ड 41 के शाखा मैदान धुर्वा और वार्ड 52 के नायक टोली, हटिया में शुरू किए जाएंगे. इन सर्किल ऑफिस के माध्यम से आमलोग नगर निगम से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए आवेदन जमा कर सकेंगे. इससे लोगों को नगर निगम मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी.

ये भी पढ़ें- JSSC CGL घोटाला: CID ने दिल्ली से 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार, बेंगाबाद से ASO हिरासत में

सरकार की चयनित एजेंसी को निगम में नहीं मिलेगा काम

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य सरकार की ओर से चयनित एजेंसियों को सीधे नगर निगम में काम नहीं दिया जाएगा. अब नगर निगम स्वयं टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से एजेंसियों का चयन करेगा.

बिजली पोल लगाने के तरीके पर निगम जताएगा आपत्ति

राजधानी की सड़कों पर बिजली के पोल लगाने के तरीके को लेकर भी नगर निगम बिजली विभाग से पत्राचार करेगा. निगम का कहना है कि कई स्थानों पर पोल सड़क के किनारे लगाने के बजाय सड़क की ओर कुछ अंदर लगाए जा रहे हैं. इससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही है और सड़क जाम की समस्या बढ़ रही है.

टैक्स कलेक्टर करेंगे होल्डिंग और वाटर टैक्स की वसूली

नगर निगम बोर्ड ने होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स की वसूली की जिम्मेदारी निगम के टैक्स कलेक्टरों को देने का निर्णय लिया है. इसके लिए जल्द ही सभी टैक्स कलेक्टरों के बीच क्षेत्रवार कार्यों का बंटवारा किया जाएगा. इससे टैक्स वसूली की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित करने की तैयारी है.

ये भी पढ़ें- एपीपी परीक्षा रद्द करने की अधिसूचना पर रोक से हाइकोर्ट का इनकार, JPSC और सरकार से मांगा जवाब

इन प्रस्तावों को भी दी गई मंजूरी

पाइप लीकेज होने पर इसकी मरम्मत के लिए पहले 300 रुपये शुल्क लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है

मीट-मुर्गा की दुकानों में शीशे का दरवाजा लगाना आवश्यक कर दिया गया है

बकरी बाजार स्थित निगम स्टोर को बिरसा मुंडा पार्क के पास शिफ्ट किया जाएगा

सभी वार्डों में होगी रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जांच

नगर निगम क्षेत्र की बहुमंजिली इमारतों में बने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की दोबारा जांच की जाएगी. नगर निगम को आशंका है कि कुछ भवनों में टैक्स में छूट लेने के लिए केवल दिखावे के तौर पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग का निर्माण कराया गया है. इसे देखते हुए निगम की टीम रैंडम तरीके से भवनों की जांच करेगी.