समाचार · मध्य प्रदेश
जिस लड़की का फोटो पसंद किया, उससे शादी नहीं कराई:2.60 लाख में खरीदी गई दुल्हन की 5 दिन बाद मौत; दलाल के फोन बंद
रतलाम में शादी के पांच दिन बाद तीसरी मंजिल से गिरकर हुई नवविवाहिता संध्या की मौत की जांच में कई सवाल सामने आए हैं। पुलिस को उसके मोबाइल की जांच में घटना वाली रात 1:37 बजे एक कॉल की जानकारी मिली है। इसके करीब 23 मिनट बाद रात 2 बजे संध्या बिस्तर पर नहीं मिली। बाद में वह घर के पीछे रेत के ढेर पर बेसुध मिली। मौके पर टूटी रस्सी भी मिली थी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि संध्या ने रात 1:37 बजे किससे बात की थी और इसके 23 मिनट बाद वह तीसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे क्यों उतर रही थी। मोबाइल से कुछ डेटा डिलीट किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। पति ने कहा- दिन में दो बार किसी से बात करती थी संध्या के पति मुकेश के मुताबिक, 25 जुलाई को संध्या को बिहार से रतलाम लाया गया था। शुरुआती पांच दिन तक उसका व्यवहार सामान्य था। वह घर का काम करती और खाना बनाती थी। उसके पास की-पैड मोबाइल था। वह दिन में करीब दो बार किसी से बात करती थी। पूछने पर वह मां से बात करने की बात कहती थी। 30 जुलाई की रात संध्या ने खाना बनाया। रात करीब 10:30 बजे वह तीसरी मंजिल पर सोने गई। करीब 15 मिनट बाद मैं भी वहां पहुंच गया। दोनों करीब 11:30 बजे तक जागते रहे। इसके बाद सो गए। रात करीब 2 बजे मेरी नींद खुली तो संध्या बिस्तर पर नहीं थी। मुझे लगा कि वह बाथरूम गई होगी। काफी देर तक नहीं लौटने पर तलाश शुरू की। घर के पीछे रेत के ढेर पर वह बेसुध मिली। पास में टूटी रस्सी पड़ी थी, जबकि रस्सी का दूसरा हिस्सा मकान पर लटक रहा था। 35 फीट की ऊंचाई से उतरने की कोशिश, 10 फीट पर टूटी रस्सी एफएसएल अधिकारी और थाना प्रभारी ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संध्या ने करीब 35 फीट ऊंची तीसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे उतरने की कोशिश की। करीब 10 फीट नीचे रस्सी टूट गई। इसके बाद वह करीब 25 फीट नीचे रेत के ढेर पर जा गिरी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यही है कि आधी रात में संध्या रस्सी के सहारे नीचे क्यों उतर रही थी? मौत से 23 मिनट पहले कॉल, मोबाइल से डेटा भी डिलीट पुलिस ने संध्या का मोबाइल जांच के लिए लिया है। इसमें रात 1:37 बजे एक कॉल की जानकारी सामने आई है। इसके करीब 23 मिनट बाद रात 2 बजे वह बिस्तर पर नहीं मिली। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए यह पता कर रही है कि कॉल किस नंबर पर हुई? बातचीत कितनी देर चली? जिस व्यक्ति से बात हुई, उसका संध्या से क्या संबंध था? जांच में मोबाइल से कुछ चीजें डिलीट किए जाने की बात भी सामने आई है। ऐसे में पुलिस मोबाइल की अन्य जानकारी भी खंगाल रही है। दूसरी लड़की से शादी करने से मना किया तो खतरा है…कहकर डराया संध्या की मौत के बाद उसकी शादी की कहानी भी जांच के दायरे में आ गई है। पति मुकेश के मुताबिक, उसे पहले एक दूसरी लड़की का फोटो दिखाया गया था। फोटो पसंद आने के बाद शादी तय हुई। इसके बाद वह अपने दोस्त सुरेश बौधा और दलाल मोहन के साथ बिहार गया। 22 जुलाई को रतलाम से रवाना होकर वे 23 जुलाई को रोहतास के कोचस पहुंचे। होटल ताज मैरिज गार्डन में ठहरने के दौरान दलाल मोहन ने बताया कि जिस लड़की का फोटो दिखाया गया था, वह बाहर चली गई है। इसके बाद दूसरी लड़की संध्या को सामने लाया गया। मुकेश का कहना है कि उसने दूसरी लड़की से शादी करने से मना किया था। इसके बाद वहां के लोगों से खतरे की बात कहकर उसे डराया गया। बाद में संध्या से उसकी शादी करा दी गई। शादी में आधार कार्ड नहीं मिला, फोटो-वीडियो बनाने से भी रोका मुकेश के मुताबिक, शादी में संध्या के साथ करीब 70 साल की महिला और 30-35 साल का युवक भी आया था। उन्हें संध्या की मां और भाई बताया गया था। इसके बाद वकील की ड्रेस में राजेश नाम का व्यक्ति आया। दोपहर बाद मुकेश और संध्या की वरमाला कराई गई। राजेश ने स्टांप पेपर पर शादी का एग्रीमेंट तैयार कराया और दोनों के साइन कराए गए। मुकेश ने संध्या का आधार कार्ड मांगा, लेकिन उसे नहीं दिया गया। उसके दोस्त ने शादी के फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसे रोक दिया गया। मुकेश के मुताबिक, बिहार के लोगों ने खुद फोटो-वीडियो बनाए और दोनों से अपनी मर्जी से शादी करने की बात कहलवाई। शादी के करीब एक घंटे बाद मुकेश संध्या को लेकर रतलाम के लिए रवाना हो गया। उसके मुताबिक, संध्या को सिर्फ एक साड़ी में भेजा गया था। मुकेश के पास मौजूद शादी के एग्रीमेंट पर 2025 की सील लगी है। इस बारे में पूछने पर दलाल मोहन ने सील गलती से लगने की बात कही। 3.50 लाख रुपए से शुरू हुई बात, 2.60 लाख में तय हुई शादी मुकेश के मुताबिक, शादी कराने वाले दलाल ने शुरुआत में 3.50 लाख रुपए की मांग की थी। उसने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए 2 लाख रुपए देने की बात कही। बातचीत के बाद 2.60 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। बिहार आने-जाने और वहां रुकने का खर्च अलग था। अब पुलिस के लिए शादी की रकम, लड़की बदले जाने की बात, दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जाना और शादी के तुरंत बाद संध्या को रतलाम लाए जाने जैसे बिंदु भी जांच का हिस्सा हैं। शादी के फोटो, वीडियो, एग्रीमेंट की कॉपी भेजी, खुद नहीं आया संध्या की मौत के बाद पुलिस ने दलाल मोहन से संपर्क किया। उसने बिहार के राजेश का नंबर दिया और रतलाम आने की बात कही, लेकिन दो दिन तक नहीं आया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। पुलिस ने राजेश से संपर्क किया तो उसने शादी के फोटो, वीडियो और एग्रीमेंट की कॉपी भेजी। उसे संध्या की मौत की जानकारी देकर परिजन को रतलाम भेजने के लिए कहा गया, लेकिन कोई परिजन नहीं आया। इसके बाद राजेश का मोबाइल भी बंद हो गया। मुकेश का कहना है कि वह खुद बड़नगर में मोहन के घर पहुंचा, लेकिन वहां भी वह नहीं मिला। 12 दिन बाद भी संध्या का कोई परिजन रतलाम नहीं पहुंचा दो दिन इंतजार के बाद पुलिस ने शव पति मुकेश को सौंप दिया। इसके बाद उसने संध्या का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के 12 दिन बाद भी संध्या के परिवार का कोई सदस्य रतलाम नहीं पहुंचा है। दूसरी ओर शादी कराने वाले दोनों दलाल भी पुलिस के सामने नहीं आए हैं। दोनों के मोबाइल बंद बताए जा रहे हैं। ------------------------------------- शादी के 5 दिन बाद तिमंजिला बिल्डिंग से गिरी दुल्हन,मौत:नीचे उतर रही थी, रस्सी टूट गई मध्य प्रदेश के रतलाम में शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता की फिल्मी अंदाज में घर से भागने की कोशिश उसकी मौत का कारण बन गई। आधी रात दूसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे उतरते समय रस्सी टूट गई और वह करीब 25 फीट नीचे गिर गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें