Sunday, 12 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

इंदौर को मिलेगा 300 बेड का आधुनिक जिला अस्पताल:हेल्थ कमिश्नर ने किया निरीक्षण; पहले चरण में प्रसूति, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं होंगी शुरू

INT News12 July 2026 at 09:13 pm

लंबे इंतजार के बाद इंदौरवासियों को जल्द ही 300 बिस्तरों वाले आधुनिक जिला अस्पताल की सौगात मिलने जा रही है। करीब 13 वर्षों से निर्माणाधीन अस्पताल का शुभारंभ 17 जुलाई को प्रस्तावित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्वास्थ्य मंत्री के शामिल होने की संभावना है। शुभारंभ से पहले रविवार को हेल्थ कमिश्नर धनराजू एस ने अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मैटरनिटी विंग, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू सहित विभिन्न विभागों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पहले चरण में मातृ एवं शिशु सेवाएं शुरू होंगी अस्पताल के उद्घाटन के साथ फिलहाल प्रसूति एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके तहत प्रसूति वार्ड, दो अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, एएनसी और पीएनसी वार्ड, बर्थ वेटिंग रूम तथा नवजात शिशुओं के लिए एनबीएचयू जैसी सुविधाएं मरीजों को मिलेंगी। हालांकि अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अभी कुछ समय और इंतजार करना होगा, क्योंकि अस्पताल की सामान्य चिकित्सा सेवाएं अगले चरण में शुरू की जाएंगी। नए प्रशासनिक ब्लॉक में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र शेखावत ने बताया कि अस्पताल परिसर में एक नया प्रशासनिक ब्लॉक भी विकसित किया जाएगा। अस्पताल भवन के पीछे बनने वाले इस ब्लॉक में सीएसएसडी, लॉन्ड्री, किचन, स्टोर और मॉर्च्युरी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली और अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। एमजीएम में पदोन्नति और डिजिटलीकरण पर जोर इंदौर प्रवास के दौरान हेल्थ कमिश्नर ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक में भी भाग लिया। बैठक में प्रथम श्रेणी के करीब 15 डॉक्टरों को पदोन्नति दी गई। उन्होंने शेष डॉक्टरों और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।