समाचार · मध्य प्रदेश
₹400 के विवाद में डंडे से पति की हत्या:दतिया में खाना खाते समय पत्नी से हुआ था झगड़ा, सिर पर गंभीर वार से मौत
दतिया के भांडेर थाना क्षेत्र के खिरिया साहब गांव में रविवार शाम करीब 5:30 बजे रुपए को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने डंडे से सिर पर वार कर पति की हत्या कर दी। मृतक की पहचान जशवंत (38) पिता आशाराम दोहरे के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पत्नी रूपा दोहरे घर से निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जशवंत मजदूरी करता था और रविवार को काम से लौटने के बाद घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच 400 रुपए को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर यशवंत के मारपीट करने की बात सामने आई है। इसी दौरान रूपा ने घर में पड़ा डंडा उठाकर जशवंत के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। भांडेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। टीआई सपना शर्मा ने बताया कि महिला को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। 13 साल पहले हुई थी शादी, 8 साल का बेटा
जशवंत और रूपा की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। दोनों का 8 साल का एक बेटा है। जशवंत परिवार में बड़ा भाई था। उसका छोटा भाई दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। मृतक के माता-पिता गांव में ही छोटे बेटे के साथ अलग रहते हैं। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर बताए गए हैं। जबकि घर पर पति-पत्नी मौजूद थे। ग्रामीणों के मुताबिक जशवंत शराब पीने का आदी था और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस अब घटना के दौरान हुए विवाद, मारपीट और हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही है।