Wednesday, 8 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

फार्म हाउस में चोरी करते दो भाई गिरफ्तार:पीछा कर मालिक ने पुलिस को दी सूचना, 20 हजार का सामान और बाइक बरामद

INT News8 July 2026 at 09:15 pm

जांजगीर-चांपा में फार्म हाउस में चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 हजार रुपए का चोरी का सामान, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और सब्बल बरामद किया है। यह मामला सारागांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, सारागांव निवासी पवन राठौर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एनएच-49 स्थित उनके निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने बने फार्म हाउस से सबमर्सिबल पंप, रॉड कटर मशीन, बिजली तार, सबमर्सिबल पैनल और प्लास्टिक चेयर सहित अन्य सामान चोरी हो गया था। पवन राठौर ने पुलिस को बताया कि 7 जुलाई की रात दो युवक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर बोरी में सामान लेकर जाते दिखाई दिए। संदेह होने पर उन्होंने उनका पीछा किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सारागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। जांच के दौरान फार्म हाउस के लोहे के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली, जिससे चोरी की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर एक एचपी का सबमर्सिबल पंप, रॉड कटर मशीन, बिजली तार, सबमर्सिबल पैनल, दो प्लास्टिक कुर्सियां, बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा चोरी में प्रयुक्त सब्बल बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला निवासी रमेश कुमार गोयल (29) और महेश गोयल (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।