Friday, 3 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मैहर के सरकारी कॉलेज का 8 साल से किराया बाकी:आक्रोशित भवन मालिक ने मुख्य गेट पर जड़ा ताला; प्राचार्य के आश्वासन के बाद खोला

INT News3 July 2026 at 09:29 pm

मैहर जिले के ताला स्थित शासकीय कला एवं विज्ञान कॉलेज में शुक्रवार सुबह भवन मालिक ने पिछले आठ वर्षों से किराया न मिलने पर कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया। इस तालाबंदी के कारण कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियां कुछ समय के लिए ठप हो गईं और सुबह पहुंचे छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों को गेट के बाहर ही खड़े रहना पड़ा। 2018 से निजी भवन में चल रहा है सरकारी कॉलेज यह शासकीय महाविद्यालय वर्ष 2018 से एक निजी भवन में संचालित हो रहा है। भवन मालिक शंकर सिंह का आरोप है कि उनका भवन 5,447 रुपये प्रतिमाह के किराए पर लिया गया था, लेकिन पिछले करीब आठ सालों से उन्हें एक भी महीने का किराया नहीं दिया गया है। शंकर सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार लिखित और मौखिक रूप से कॉलेज प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों से भुगतान की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्राचार्य के 7 दिन के आश्वासन के बाद खुला ताला मुख्य गेट पर तालाबंदी की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। कॉलेज के प्राचार्य ने तुरंत मौके पर पहुंचकर नाराज भवन मालिक शंकर सिंह से लंबी बातचीत की। प्राचार्य के सात दिनों में किराया भुगतान की प्रक्रिया शुरू कराने का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद भवन मालिक ने गेट का ताला खोला, जिसके बाद कॉलेज का संचालन सामान्य हो सका।