समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में 100 महिलाओं का सम्मान:विधायक कविता प्राण लहरे बोलीं- महिलाएं ठान लें तो प्रदेश को नशामुक्त बना सकती हैं
रायपुर में रविवार को हुए अग्रगामी महिला सम्मान समारोह में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाली 100 महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कविता प्राण लहरे ने कहा कि प्रदेश में बढ़ रहे नशे, अपराध और मृत्यु भोज जैसी बुराइयों को रोकने में महिलाओं की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि महिलाएं जागरूक होकर समाज में अच्छा बदलाव ला सकती हैं। विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि अगर महिलाएं ठान लें, तो पूरे प्रदेश को नशामुक्त बनाया जा सकता है। एक महिला पूरे परिवार को बेहतर बना सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि बेटियों को पढ़ाई के साथ आत्मरक्षा की ट्रेनिंग भी मिलनी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे अपनी सुरक्षा खुद कर सकें। कई गणमान्य लोग रहे मौजूद इस कार्यक्रम का आयोजन वक्ता मंच और जन एकता फाउंडेशन ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी गुरुशरण पाल गरचा ने की। समारोह में मनीषा बी. सिन्हा, नलिनी मढ़रिया, करुणा कुर्रे, प्राची भट्टर, रत्ना अग्रवाल, पी.के. तिवारी, राजकुमार धर द्विवेदी और अजीत कुकरेजा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। 100 महिलाओं को मिला अग्रगामी महिला सम्मान वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि समारोह की शुरुआत बाल प्रतिभाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। इस वर्ष सांप्रदायिक सौहार्द्र, थिएटर, फिल्म, जनजागरूकता, खेल, शिक्षा, चिकित्सा, विधिक सहायता, पत्रकारिता, व्यवसाय, साहित्य, कला, संस्कृति, लोककला, पुलिसिंग और प्रशासन समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 महिलाओं का चयन सम्मान के लिए किया गया। अतिथियों ने कहा कि सम्मानित महिलाओं के कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव और नई प्रेरणा का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने वक्ता मंच की तीन दशक की सामाजिक यात्रा की भी सराहना की। मितानिन से लेकर डॉक्टर और पत्रकार तक सम्मानित समारोह में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लेकर डॉक्टर, शिक्षिका, पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न पेशों से जुड़ी महिलाओं को अग्रगामी महिला अवॉर्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ के माध्यम से सारंगढ़ की हीरादेवी निराला को वर्ष 2026 की 'भाग्यशाली महिला' सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर वक्ता मंच के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन संयोजक शुभम साहू के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।