Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

नमो भारत रेल पर आ गई गुड न्यूज, मेरठ से उत्तराखंड तक 9 शहरों से होकर गुजरेगी

INT News7 August 2026 at 08:26 am

Namo Bharat Train: दिल्ली-मेरठ-हरिद्वार-ऋषिकेश रूट के लिए प्रस्तावित हाईस्पीड नमो भारत रेल सेवा पर गुड न्यूज आई है। सर्वे की प्रक्रिया शुरू हो गई। उत्तराखंड ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को सर्वे के लिए करीब 7.5 करोड़ रुपये में से पहली किस्त के रूप में 2.28 करोड़ रुपये जारी कर दिए।एनसीआरटीसी ने उत्तराखंड में नमो भारत के ट्रैक के फील्ड सर्वे के लिए सहयोग भी मांगा है। एनसीआरटीसी के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश बंसल ने राज्य में नमो भारत रेल के लिए नोडल अफसर नियुक्त रोडवेज की एमडी रीना जोशी को इस बाबत पत्र भेजा है। बंसल ने नमो भारत के उत्तराखंड में आने वाले 78 किलोमीटर रूट में पड़ने वाले नगर निकायों, लोनिवि को मास्टर प्लान, यूटिलिटी डेटा साझा कराने और सर्वे व मृदा परीक्षा के दौरान सुरक्षा तथा भूमि रिकॉर्ड मुहैया कराने की भी अपेक्षा की है।नौ शहरों से गुजरेगी नमो भारतमेरठ से उत्तराखंड तक नमो भारत का फिलहाल प्रस्तावित रूट 150 किलोमीटर का है। इसमें 72 किलोमीटर हिस्सा यूपी और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में है। नमो भारत के प्राथमिक रूट के अनुसार यह मेरठ से सकौती, खतौली, मुजफ्फरनगर, पुरकाजी, रुड़की, भगवानपुर, हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक जाएगी। ऋषिकेश में इसका लक्ष्मण झूला के निकट अंतिम स्टेशन प्रस्तावित है, जबकि हरिद्वार में यह हर की पैड़ी के करीब से गुजरेगी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के लिए यह एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसके बनने पर दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड के बीच हाई-स्पीड रेल संपर्क स्थापित होगा। इससे चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और दैनिक आवागमन को भी और गति मिलेगी।कांवड़ यात्रा के चलते 17 नमो भारत स्टेशन 12 अगस्त तक बंदएनसीआरटीसी ने कहा है कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर गाजियाबाद और मोदीनगर के बीच 17 नमो भारत स्टेशनों के कई प्रवेश और निकास द्वार चार से 12 अगस्त तक बंद रहेंगे। इन स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी सीमित रहेगी। एनसीआरटीसी ने बताया कि नमो भारत सेवा का परिचालन और कार्यान्वयन करने वाली एजेंसी के रूप में उसने वार्षिक कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को सुगम बनाने के लिए प्रशासनिक निर्देशों के तहत ये अस्थायी प्रतिबंध लगाए हैं।निगम के अनुसार, प्रभावित स्टेशनों में मोदीनगर, मेरठ नॉर्थ, एमईएस कॉलोनी, बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, रिठानी, परतापुर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, दुहाई, गुलधर और गाजियाबाद शामिल हैं।रेलवे स्टेशन पर अब इंसान नहीं, मशीन देगी सामानदेहरादून। देश के बड़े हवाई अड्डों, हाई-टेक मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर अब देहरादून रेलवे स्टेशन भी आधुनिक रंग में ढलने लगा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए स्टेशन पर दो अत्याधुनिक ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें लगाई हैं।इस मशीन से सामान खरीदना बेहद आसान है। सबसे पहले मशीन में लगी टच स्क्रीन पर दिख रहे उत्पादों (पानी की बोतल, चिप्स, नमकीन, कोल्डड्रिंक आदि) में से अपनी पसंद का सामान चुनें। इसके बाद स्क्रीन पर दिखने वाले क्यूआर कोड को अपने मोबाइल फोन से स्कैन करके पेमेंट करें। भुगतान सफल होते ही चंद सेकेंड में मशीन से आपका चुना हुआ सामान बाहर आ जाएगा। दरअसल, स्टेशनों पर खाने-पीने के सामान पर तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने या छुट्टा न होने की शिकायतें सामने आती थीं। अब यह मशीन लगने से यात्रियों को न तो अधिक दाम चुकाने पड़ेंगे और न ही खुले पैसों की झंझट से जूझना होगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेलवे महेश यादव ने बताया कि पहले चरण में देहरादून स्टेशन पर प्रयोग के तौर पर दो मशीनें चालू की हैं।