समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ में आज चक्रधर समारोह का राज्यपाल करेंगे शुभारंभ:पहली शाम गणेश वंदना से होगी शुरुआत, पद्मश्री डॉ. उषा बारले की पंडवानी से सजेगा मंच
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 41वां अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह 14 से 23 सितंबर तक रामलीला मैदान में आयोजित होगा। राज्यपाल रमेन डेका 14 सितंबर को शाम 7.15 बजे रामलीला मैदान पहुंचकर समारोह का शुभारंभ करेंगे। दस दिवसीय समारोह में देश-प्रदेश के ख्यात कलाकार शास्त्रीय नृत्य, गायन, वादन, लोककला और साहित्य की अलग-अलग विधाओं की प्रस्तुतियां देंगे। इससे रायगढ़ कला और संस्कृति के रंगों से सराबोर होगा। समारोह की पहली शाम वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों की गणेश वंदना से होगी। इसके बाद पद्मश्री डॉ. उषा बारले पंडवानी और पद्मश्री अनुज शर्मा लोककला-संगीत की प्रस्तुति देंगे। आगामी दस दिनों में कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मणिपुरी और कथकली सहित विभिन्न शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही पंडवानी, लोकनृत्य, लोकसंगीत, भजन और वादन के कार्यक्रम भी होंगे। समारोह में देश-प्रदेश के कई प्रतिष्ठित कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।