समाचार · हरियाणा
बहादुरगढ़ में दर्दनाक हादसा:ढीले बिजली तार की चपेट में आया कैंटर, चालक जिंदा जला,सड़क किनारे वाहन रोककर उतर रहा था चालक
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कैंटर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। नया गांव बीर बरखताबाद बाईपास पर सड़क किनारे खड़े कैंटर के ऊपर से गुजर रहे ढीले बिजली के तार वाहन के संपर्क में आ गए। अर्थिंग होने से चालक करंट की चपेट में आ गया और कुछ ही पलों में कैंटर आग की लपटों से घिर गया। चालक बाहर नहीं निकल सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी राकेश सामान से भरा कैंटर लेकर बादली की ओर से बहादुरगढ़ आ रहा था। रास्ते में उसने कैंटर को सड़क किनारे रोका और नीचे उतरने लगा। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे ढीले बिजली के तार कैंटर से टकरा गए। करंट फैलते ही कैंटर में आग लग गई और चालक उसकी चपेट में आ गया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरे कैंटर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज करंट और आग के कारण कोई उसके पास नहीं पहुंच सका। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बिजली के ढीले तार बताए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिजली लाइन के रखरखाव में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई। फायर ऑफिसर रविन्द्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के बाद चालक का शव बाहर निकाला गया। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।