समाचार · बिहार
पटना में ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से किया संवाद,कहा- चिंता और सुझावों पर मिलकर करेंगे समाधान

Chirag Paswan : पटना में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से पटना के वेटेनरी ग्राउंड में आयोजित ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार के युवाओं और जेन-जी से सीधे संवाद किया. उन्होंने कहा कि यह मंच सरकार से सवाल करने का है, शिक्षा व्यवस्था से सवाल करने का है और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवाल उठाने का भी मंच है.
उन्होंने कहा, “आज मैं यहां केंद्रीय मंत्री की हैसियत से नहीं, बल्कि आपका बड़ा भाई बनकर आया हूं. मैं आपके सुझाव और आपकी चिंताओं को सुनने आया हूं. आज हम सब मिलकर अपने भविष्य की चिंताओं का समाधान निकालेंगे.” उन्होंने कहा कि संभव है कि कुछ सवालों का जवाब उनके पास नहीं हो, लेकिन उसका जवाब मिलकर तलाशा जा सकता है.
युवाओं से खुलकर समस्या रखने की अपील
चिराग पासवान ने युवाओं से अपनी समस्याएं खुलकर रखने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि युवा अपनी समस्या बताएं और उसके समाधान के लिए वह प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि शिकायत करने के साथ-साथ युवाओं को खुद से भी सवाल करना होगा.
रोजगार और पेपर लीक का उठा मुद्दा
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने रोजगार, शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाये. चिराग पासवान ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं का सीधा असर मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य पर पड़ता है. उन्होंने युवाओं की आकांक्षाओं और चुनौतियों को समझने तथा रोजगार और अवसरों से जुड़े विषयों पर लगातार संवाद की जरूरत बतायी.
युवाओं के सुझावों पर संवाद जरूरी
चिराग पासवान ने कहा कि युवा केवल भविष्य की शक्ति नहीं, बल्कि वर्तमान की महत्वपूर्ण शक्ति भी हैं. उनकी समस्याओं को सुनना, सुझावों को समझना और उनके साथ मिलकर समाधान तलाशना जरूरी है. उन्होंने कहा कि युवाओं की चिंता और उनके सुझावों का समाधान मिलकर निकालने का प्रयास किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : अ शोक चौधरी बोले- 'जापान में भी होती है ऐसी घटना, रोकना संभव नहीं', छात्रा से छेड़खानी पर बिहार के नेताओं ने क्या-क्या बयान दिया