समाचार · छत्तीसगढ़
मार्ट संचालक ने जब्त की स्कूटी,छात्रा ने लगाई फांसी:छात्रा पर संचालक ने लगाया था चोरी का आरोप,स्कूटी वापस करने मांगे 50 हजार
कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के पुलिस लाइन में 17 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह कांस्टेबल की पुत्री थी। उसपर आईसी मार्ट के संचालक ने सामान छिपाकर रखने का आरोप लगा उसकी स्कूटी जब्त कर ली थी और 50 हजार रुपये की मांग की थी। इससे छात्रा परेशान थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन बैकुंठपुर में निवासरत आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी रितु सिंह (17 वर्ष) आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। वह मंगलवार को अपनी छोटी बहन के साथ कुछ सामान खरीदने के लिए बैकुंठपुर के संजय चौक के पास स्थित आईसी मार्ट (सुपर मार्केट) गई थी। आईसी मार्ट में कथित रुप से 1,500 रुपये मूल्य का कॉस्मेटिक सामान बिना भुगतान के अपने पास रखने का आरोप आईसी मार्ट के संचालक ने लगाया। हालांकि वे कोई सामान लेकर दुकान से बाहर नहीं निकले थे। बताया गया है कि दुकान संचालक ने छात्रा को फटकार लगाई, उससे एक कागज पर कुछ लिखवाया तथा उसकी स्कूटी अपने पास रख ली। उसने छात्रा को 5 हजार रुपये देकर स्कूटी ले जाने कहा।
संचालक ने स्कूटी वापस करने मांगे 50 हजार
आईसी मार्ट से छात्रा अपने घर वापस पहुंची और डर से उसने पिता को जानकारी नहीं दी। परिचित एक एएसआई को उसने मामले की जानकारी दी। एएसआई आईसी मार्ट पहुंचे तो आईसी मार्ट के संचालक ने स्कूटी वापस करने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की।
एएसआई ने स्कूटी लौटाने का आग्रह किया और कहा कि उसे पैसे मिल जाएंगे। इसपर आईसी मार्ट के संचालक ने कथित रूप से स्कूटी को दूसरी जगह भेज देने की जानकारी देते हुए सुबह स्कूटी ले जाने कहा।
मामले की जानकारी मिलने पर आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा बुधवार सुबह स्वयं सुपर मार्केट पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान दुकान संचालक ने स्कूटी लौटाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। आरक्षक ने अपने पास 20 हजार रुपये रखा था। आईसी मार्ट के संचालक ने स्कूटी वापस करने से इनकार कर दिया।
आरक्षक ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी को दी, जो अपने मायके गई थी। पूरे मामले की जानकारी छात्रा को हुई तो वह मानसिक रूप से बेहद परेशान और भयभीत हो गई। दोपहर करीब 2 बजे रितु सिंह की मां बस से बैकुंठपुर पहुंची और पिता उसे लेने बस स्टैंड गए थे, इस दौरान छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। जब दोनों घर पहुंचे तो उन्हें रितु सिंह का शव फांसी पर झूलता मिला।
छात्रा का सुसाइड नोट जब्त, आईसी मार्ट सील
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और शव को जिला अस्पताल के मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। छात्रा द्वारा सुसाइड नोट भी छोड़ा गया है, जिसमें उसने लिखा है, मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना, मेरे कारण आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है।
बैकुंठपुर थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामला सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। एफएसएल की टीम दुकान पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले में आईसी मार्ट के संचालक का पक्ष नहीं लिया जा सका है।