Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में आज दिन भर बारिश, 2 दिन बिजली गिरने की चेतावनी; कहां-कहां अलर्ट

INT News10 August 2026 at 08:29 am

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मॉनसून बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आधी रात से राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के मद्देनजर बागेश्वर में आज स्कूल बंद हैं। मौसम विभाग ने दो दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान जताया है। आज देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, 10 अगस्त को दून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में भी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और अत्यंत तीव्र बारिश के दौर की चेतावनी है। टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, पिथौरागढ़ व यूएसनगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 11 को भी कई जगह बारिश के आसार हैं। भारी बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है।चकराता-कालसी मार्ग पर गिरा पेड़उधर, रविवार तड़के चकराता-कालसी मोटर मार्ग पर बरोरी मंदिर और सरला छानी के बीच भूस्खलन से बड़ा पेड़ सड़क पर आ गिरा। इससे मार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे मार्ग पर यातायात सुचारु हो सका।शाम को फुहारों से फिजा फिर हो गई खुशगवारदेहरादून में रविवार देर शाम हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। दिन में धूप निकलने से हुई उमस से लोगों को राहत मिली। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाओं ने माहौल खुशनुमा बना दिया। लोग घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लेते नजर आए।हालांकि कुछ इलाकों में जलभराव के चलते लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। रविवार को दून का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 24 डिग्री रहा।मालदेवता में नदी में नहाते हुए डूबने से अधेड़ की मौतदून के मालदेवता में रविवार को नदी में नहाने के दौरान डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उधर, एक बरसाती नाले से सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। रायपुर थाना क्षेत्र में एसओ संजीत कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि मालदेवता में लाल पुल के पास सौंग नदी में एक व्यक्ति डूब गया है। मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 52 वर्षीय सुनील नेगी पुत्र महाराज सिंह नेगी निवासी चंद्रबनी एन्क्लेव, पटेलनगर के रूप में हुई। वह अपने सगे भाई संतोष नेगी के साथ मालदेवता घूमने आए थे और नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से डूब गए।उधर, बसंत विहार थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिला। बीडीसी सदस्य अरुण भट्ट की सूचना पर पुलिस डांडीपुर जंगल में शुक्लापुर के पास बरसाती नाले तक पहुंची। यहां एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच होगी। उसने ग्रे कैपरी और हल्के नीले रंग की हाफ टी-शर्ट पहन रखी है तथा चेहरे पर हल्की सफेद दाढ़ी है। थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने बताया कि शव चार से पांच दिन पुराना होने के कारण सड़ी-गली अवस्था में है। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।