national
यूपी के कानपुर से दिल्ली के लिए नई रोजाना ट्रेन, देखें पूरा टाइमटेबल

रेल मंत्रालय के मुताबिक, नई ट्रेन सेवा से कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी. यात्रियों को रात में सफर करने का एक और विकल्प मिलेगा. साथ ही रास्ते में आने वाले प्रमुख स्टेशनों से जुड़ाव भी आसान होगा. यह ट्रेन संख्या 14153/14154 के तहत कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल मेल के रूप में रोजाना चलेगी. अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होकर सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी.
कहां-कहां रुकेगी ये ट्रेन
वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल मेल आनंद विहार से रात 11:25 बजे रवाना होगी. ट्रेन सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. ट्रेन 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. कानपुर से आनंद विहार तक यात्रा में आठ घंटे 10 मिनट और वापसी में आठ घंटे लगेंगे. मंत्रालय के अनुसार ट्रेन के आठ ठहराव फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में होंगे. रेल मंत्रालय के मुताबिक, नई ट्रेन सेवा से कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रियों को दोनों दिशाओं में रात के समय सफर का एक और विकल्प मिलेगा.
ये भी पढ़ें: Train Cancelled News: 25 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बिहार आने-जाने वाली कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, देखिए पूरी लिस्ट
वडोदरा में 166.5 करोड़ का पुल मंजूर
इसके अलावा मंत्रालय ने गुजरात के वडोदरा मंडल के अलकापुरी में चार लेन वाले सड़क पुल को भी मंजूरी दी है. इस पुल पर 166.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसका निर्माण गुजरात सरकार के साथ मिलकर किया जाएगा. मंत्रालय ने कहा, ‘‘परियोजना की कुल लागत भारतीय रेलवे और राज्य सरकार के बीच बराबर बांटी जाएगी. रेलवे का हिस्सा करीब 83.2769 करोड़ रुपये और राज्य सरकार का हिस्सा भी करीब 83.2769 करोड़ रुपये होगा.’’
अलकापुरी आरयूबी में बड़ी परेशानी, बड़े वाहनों पर रोक और बारिश में जलभराव
मौजूदा अलकापुरी रोड अंडर ब्रिज वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास है और शहर के अलकापुरी व कालाघोड़ा इलाकों को जोड़ता है. लेकिन इसकी ऊंचाई करीब तीन मीटर ही है. इस वजह से बड़े वाहन यहां से नहीं गुजर पाते. बारिश के दिनों में अंडर ब्रिज में बार-बार पानी भरने से लोगों को परेशानी होती है.