Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बरूआ नदी में नवजात का क्षत-विक्षत शव मिला:पुराने रपटा पुल के पास पानी में उतराता मिला, CCTV फुटेज खंगाल रही सतना पुलिस

INT News10 August 2026 at 08:58 am

सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में बरूआ नदी के पुराने रपटा पुल के पास रविवार देर शाम एक नवजात का क्षत-विक्षत शव पानी में उतराता मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल की मरचुरी में रखवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रविवार देर शाम रवि बंशकार और कुछ अन्य लोगों ने रपटा पुल के पास नदी में नवजात का शव देखा। उन्होंने तुरंत उचेहरा पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में शव 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की खराब हालत के कारण मौत का वास्तविक कारण और अन्य विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, नदी और रपटा पुल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को नदी में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव की पहचान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।