national
मणिपुर में दंगाइयों का खूनी संघर्ष, 24 घंटे में 9 की मौत; 14 घरों में आगजनी से मचा हड़कंप

मणिपुर में कुकी और नागा समुदायों के बीच हिंसा भड़क उठी है. पिछले 24 घंटों में 9 लोगों की जान गई है और 14 से ज्यादा घर जला दिए गए हैं. इंडिया टुडे के मुताबिक, गोलीबारी और आगजनी के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है. प्रशासन ने ऐहतियाती कदम उठाते हुए पाबंदियां लगा दी हैं, वहीं कांगपोकपी जिले में 24 घंटे के बंद का ऐलान किया गया है.
चसाड गांव में महिला की हत्या के बाद भड़की हिंसा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिंसा की ताजा घटनाओं की शुरुआत शुक्रवार, 9 अक्टूबर की रात कामजोंग जिले के चसाड गांव के पास हुई. यहां 42 साल की कुकी महिला डोमखोनेई टौथांग की गोली लगने से मौत हो गई. वह 5 बच्चों की मां थीं. पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद हथियारबंद ग्रुपों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी हुई. इसके बाद आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं.
14 घरों में आगजनी, पुलिस स्टेशन को भी जलाने की कोशिश
महिला की मौत के बाद चसाड गांव में तनाव और बढ़ गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुकी और नागा समुदायों के सदस्यों के कम से कम 14 घरों में आग लगा दी गई. चसाड पुलिस स्टेशन को भी आग के हवाले करने की कोशिश की गई, जिससे एंट्री गेट के पास बनी कुछ लकड़ी की दुकानों को नुकसान पहुँचा. शुक्रवार रात शुरू हुई गोलीबारी शनिवार सुबह करीब 7 बजे तक जारी रही.
कामजोंग और कांगपोकपी में अलग-अलग हमले, कई की मौत
कामजोंग जिले के निंगचो चिंगडोंग गांव में शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे हुए हमले में दो नागा विलेज गार्ड की मौत हो गई. मरने वालों की पहचान 30 साल के नगाचान्सो निंगशेन और 50 साल के लीशिशन हंग्यो के तौर पर हुई है. वहीं, कांगपोकपी जिले में माकुई और ताबोक गांवों के बीच घात लगाकर किए गए हमले में 35 साल के नागा विलेज वॉलंटियर माचुंगवांगबो की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए.
उखरुल में कार सवार व्यक्ति की हत्या
हिंसा की एक और घटना उखरुल जिले में सामने आई. नेशनल हाईवे-202 पर कोंजांग गांव के पास कुछ अनजान हथियारबंद हमलावरों ने एक कार को निशाना बनाया. इस हमले में 30 साल के संदीप राय की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई. हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
भारत-म्यांमार सीमा पार के हथियारबंद गुटों पर भी शक
कामजोंग जिले में हुए हमले के बाद पुलिस को शक है कि भारत-म्यांमार सीमा के पार एक्टिव हथियारबंद गुट भी इसमें शामिल हो सकते हैं. हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि इस बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मामले की जांच जारी है. दूसरी ओर, एक कुकी महिला संगठन ने 23 साल के माइकल न्गाममिनलेन हाओकिप की हत्या के लिए NSCN-IM और उसके ईस्टर्न फ्लैंक गुट पर इल्जाम लगाए हैं
प्रशासन सख्त, चसाड पुलिस स्टेशन के आसपास पाबंदियां लागू
प्रशासन ने लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए कामजोंग जिला प्रशासन ने चसाड पुलिस स्टेशन के 400 मीटर के दायरे में लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी है. पुलिस का मकसद इलाके में शांति बनाए रखना और हिंसा की नई घटनाओं को रोकना है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं.
ये भी पढ़ें: CJP Protest: 7 हजार प्रदर्शनकारी रिहा, दीपके-रांका-सौरभ अब भी हिरासत में; 10 घंटे बाद भी नहीं पता कहां ले गई पुलिस