समाचार · मध्य प्रदेश
खेत से 22 गांजे के पेड़ जब्त, आरोपी गिरफ्तार:विदिशा पुलिस ने जड़ समेत उखाड़कर जब्त किया; NDPS एक्ट में केस
विदिशा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पठारी पुलिस ने रविवार को अवैध गांजे की खेती का खुलासा किया है। मनेशा गांव में एक खेत से 22 हरे गांजे के पेड़ जब्त किए गए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग सवा दो लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। थाना प्रभारी ऋतुराज बिंझाड़े ने बताया कि पुलिस को मनेशा गांव में अवैध गांजे की खेती की सूचना मिली थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। खेत में 3 से 7 फीट लंबे गांजे के हरे पेड़ लगे पाए गए। पुलिस ने सभी 22 पेड़ों को जड़ समेत उखाड़कर जब्त कर लिया ताकि दोबारा पौधे न उग सकें। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी राजकुमार से पूछताछ कर रही है। पूछताछ का उद्देश्य यह पता लगाना है कि वह कब से गांजे की खेती कर रहा था और तैयार फसल की आपूर्ति कहां करने की योजना थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है। पुलिस ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और खेती करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।