Friday, 25 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

हाईवा चालक पर पिस्टल से हवाई फायर कर मोबाइल लूटा:इस आरोप में जशपुर के बीआरसीसी की सेवा खत्म, सहायक समन्वयक निलंबित

INT News24 September 2026 at 10:48 pm

सूरजपुर जिले में हाईवा के ड्राइवर का रास्ता रोककर पिस्टल से हवाई फायर करने और मोबाइल लूटने के मामले में जशपुर जिला प्रशासन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कलेक्टर रोहित व्यास ने बीआरसीसी श्यामलाल साहू की संविदा सेवा खत्म कर दी है। वहीं, राजीव गांधी शिक्षा मिशन के सहायक कार्यक्रम समन्वयक राजेश अंबस्थ को निलंबित कर दिया गया है। यह मामला 19 सितंबर का है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र की खड़गवां पुलिस चौकी के रामेश्वरमुड़ा जंगल के पास दोनों आरोपी अपनी निजी कार से अंबिकापुर से लौट रहे थे। आरोप है कि उन्होंने कार हाईवा के सामने लगाकर ड्राइवर शिव प्रसाद का रास्ता रोक दिया। इसके बाद दोनों ने ड्राइवर से बदतमीजी की और उसे हाईवा से नीचे उतरने को कहा। जब ड्राइवर नीचे नहीं उतरा तो आरोप है कि दोनों ने पिस्टल से दो हवाई फायर किए। इसके बाद ड्राइवर को डराया-धमकाया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। घटना के बाद ड्राइवर ने खड़गवां पुलिस चौकी में शिकायत की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ BNS की धारा 309(7) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और 30 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। श्यामलाल की संविदा सेवा खत्म कलेक्टर के आदेश के मुताबिक, श्यामलाल साहू फरसाबहार विकासखंड के संकुल केंद्र में समन्वयक के संविदा पद पर थे। वर्तमान में वे जिला राजीव गांधी समग्र शिक्षा कार्यालय में बीआरसीसी के पद पर काम कर रहे थे। आपराधिक मामले में गिरफ्तारी और उनके आचरण को सिविल सेवा आचरण नियमों के खिलाफ मानते हुए कलेक्टर ने उनकी संविदा सेवा तत्काल खत्म कर दी। राजेश अंबस्थ निलंबित दूसरे आरोपी राजेश अंबस्थ राजीव गांधी शिक्षा मिशन में सहायक कार्यक्रम समन्वयक के पद पर पदस्थ हैं। कलेक्टर ने उनके निलंबन की अनुशंसा शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक, अंबिकापुर से की थी। इसके बाद राजेश अंबस्थ को निलंबित कर दिया गया। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन की कार्रवाई घटना के बाद पुलिस विभाग ने दोनों सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई और मामले की जानकारी जशपुर जिला प्रशासन को भेजी थी। पुलिस की रिपोर्ट और दोनों की गिरफ्तारी के आधार पर कलेक्टर ने श्यामलाल साहू की सेवा समाप्त करने और राजेश अंबस्थ को निलंबित करने की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।