समाचार · हरियाणा
रतिया में पराली जलने पर होगी अफसरों पर कार्रवाई:एसडीएम ने दिए निर्देश, पटवारी-ग्राम सचिव करेंगे निगरानी, बोले- किसानों को जागरूक करें
फतेहाबाद जिले में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में रतिया एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने कृषि, राजस्व और पंचायत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि पराली जलाने की कोई भी खबर मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई जरूर करें। डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी आग लगने की सूचना पर बिना देरी घटनास्थल पर पहुंचने को कहा गया। पटवारी और ग्राम सचिव रखेंगे निगरानी : एसडीएम बैठक में एसडीएम ने कृषि विभाग के अधिकारियों, पटवारियों और ग्राम सचिवों से अपने-अपने इलाकों में लगातार नजर रखने को कहा। किसानों को पराली न जलाने और फसल अवशेषों के सही प्रबंधन के लिए उपलब्ध मशीनों व दूसरे तरीकों की जानकारी देने के निर्देश दिए। एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। लापरवाही करने पर कार्रवाई होगी। आग की घटनाओं को समय पर रोकने और आसपास के खेतों व संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए सभी को सतर्क रहने को कहा गया। पर्यावरण और मिट्टी की उर्वरता को होता है नुकसान एसडीएम ने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा आग फैलने से आसपास की फसलों और अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और उन्हें फसल अवशेष प्रबंधन के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक तरीकों के प्रति प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पराली प्रबंधन अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन, कृषि विभाग, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। सभी अधिकारी अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके। मीटिंग में ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में डीएसपी कुलवंत सिंह, नायब तहसीलदार बलवान सिंह, बीडीपीओ अनिल कुमार, विकास लाग्यान, कृषि नोडल अधिकारी बिजेंद्र सिंह, एईई फतेहाबाद प्रशांत, एसडीओ फतेहाबाद संजय कुमार, बीएओ संदीप बिडलान, कानूनगो पृथ्वीराज, डॉ. राहुल, नरेश कुमार, हिमांशु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।