Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

चोरी कर कुएं में छिपाए फ्रिज, कूलर, मिक्सी:विदिशा में SDRF ने बाहर निकाला, तांबे का तार भी बरामद; कबाड़ी समेत आरोपी गिरफ्तार

INT News9 August 2026 at 08:53 am

विदिशा पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र के तोपपुरा में हुई चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का फ्रिज, कूलर और मिक्सी एक कुएं से बरामद किए गए। पुलिस ने शनिवार को चोरी का तांबे का तार खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी पकड़ा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के तोपपुरा में 23 जुलाई को राज नारायण यादव के घर चोरी हुई थी। कोतवाली टीआई आनंद राज ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में संदेहियों ने चोरी करना स्वीकारा

जांच के दौरान बक्सरिया निवासी दीपक रैकवार और मोनू रैकवार के नाम सामने आए। संदेह के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने घर में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने फ्रिज, कूलर और मिक्सी को गुठन के सुनसान इलाके में स्थित एक कुएं में फेंक दिया था। कुएं में पानी कम होने के कारण चोरों ने सामान वहीं छिपा दिया था। पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर कुएं तक पहुंची, जहां तलाशी के दौरान चोरी का सामान मिल गया। सामान काफी नीचे होने के कारण एसडीआरएफ और होमगार्ड की मदद से फ्रिज, कूलर और मिक्सी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने कबाड़ी को भी आरोपी बनाया

आरोपियों ने घर से चोरी किया गया तांबे का तार कबाड़ी साजिद खान को बेचा था। पुलिस ने साजिद से तांबे का तार बरामद कर उसे भी मामले में आरोपी बनाया और गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि चोरी की वारदातों में चोरी का सामान खरीदने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। चोरी का माल खरीदने वालों पर कार्रवाई होने से ऐसे मामलों में आरोपियों को चोरी का सामान खपाने में मुश्किल होगी और चोरियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।