Friday, 21 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

महिला हॉकी वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को किया बाहर, टॉप-8 में पहुंची भारत की बेटियां

INT News20 August 2026 at 10:50 pm

Women's Hockey World Cup 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में अपने अभियान को गोलरहित ड्रॉ के साथ आगे बढ़ाया. बुधवार को पूल डी के आखिरी मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 0-0 से बराबरी पर रोका. इस नतीजे के साथ भारतीय टीम ने अगले दौर में जगह पक्की कर ली. वहीं इंग्लैंड की टीम वर्ल्ड कप से बाहर हो गई.

भारत को अगले चरण में पहुंचने के लिए इस मुकाबले में सिर्फ ड्रॉ की जरूरत थी. इंग्लैंड के खिलाफ एक अंक हासिल करने के बाद भारत के कुल पांच अंक हो गए और वह पूल डी में चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहा. चीन सात अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहा.

भारत को मिले छह पेनल्टी कॉर्नर

इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में भारत ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल करने में नाकाम रहा. भारतीय टीम को कुल छह पेनल्टी कॉर्नर मिले. दीपिका और नवनीत जैसी खिलाड़ियों के पास गोल करने के मौके आए, लेकिन इंग्लैंड की गोलकीपर मिरियम प्रिचार्ड ने कई शानदार बचाव किए. दूसरी ओर, इंग्लैंड को मुकाबले में 11 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस और अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने किसी भी मौके को गोल में बदलने नहीं दिया.

ये भी पढ़ें: जो रूट ने की सचिन तेंदुलकर की बराबरी, टेस्ट में ऐसा कारनामा करने वाले संयुक्त रूप से पहले बल्लेबाज बने

पहले क्वार्टर में भारत को मिले तीन मौके

भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की. पहले 15 मिनट में टीम को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोई भी गोल में तब्दील नहीं हो सका. चौथे मिनट में सुनेलिटा के प्रयास से भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला. नवनीत के शॉट पर गेंद गोल में जाने से पहले इशिका से टकरा गई. इसके बाद सातवें मिनट में भारत को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन नवनीत का प्रयास लक्ष्य से बाहर चला गया. इसके कुछ ही देर बाद भारत को तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला. दीपिका की ड्रैग फ्लिक भी सटीक नहीं रही और गेंद बाहर निकल गई.

हाफटाइम तक नहीं खुला खाता

लगातार मौके मिलने के बावजूद दोनों टीमें पहले हाफ में गोल नहीं कर सकीं. दूसरे क्वार्टर में भी भारत के पास बढ़त बनाने का मौका आया, लेकिन टीम उसे भुना नहीं सकी. 24वें मिनट में लालरेम्सियामी ने भारत को चौथा पेनल्टी कॉर्नर दिलाया. दीपिका ने जोरदार फ्लिक लगाई, लेकिन इंग्लैंड की गोलकीपर मिरियम प्रिचार्ड ने शानदार बचाव करते हुए भारत को बढ़त लेने से रोक दिया. हाफटाइम तक स्कोर 0-0 रहा.

तीसरे क्वार्टर में सविता ने बचाया भारत का गोल

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला. सलीमा टेटे के शॉट के बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत इस मौके को भी गोल में नहीं बदल सका. वहीं, इंग्लैंड ने 37वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया. सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए भारत को संकट से बाहर निकाला. इसके बाद 43वें मिनट में इंग्लैंड को लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया.

ये भी पढ़ें: FIFA Women's World Cup 2027 का शेड्यूल जारी, ब्राजील के 8 शहरों में होंगे 64 मुकाबले

आखिरी मिनटों में इंग्लैंड ने बढ़ाया दबाव

चौथे क्वार्टर में इंग्लैंड ने भारत पर दबाव बढ़ा दिया. 50वें मिनट में उसे पेनल्टी कॉर्नर मिला और इसके बाद भारतीय टीम ने अपना रेफरल भी गंवा दिया. इंग्लैंड ने आखिरी दो मिनट में गोलकीपर को भी मैदान से हटा दिया और अतिरिक्त आउटफील्ड खिलाड़ी के साथ पूरी तरह आक्रामक रुख अपनाया. हालांकि, भारतीय डिफेंस ने आखिरी सीटी तक अपनी बढ़त यानी गोलरहित स्कोरलाइन को बनाए रखा. इस तरह मुकाबला 0-0 से ड्रॉ समाप्त हुआ और भारत ने पांच अंकों के साथ अगले दौर में प्रवेश कर लिया.

चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहा भारत

भारत ने टूर्नामेंट शुरुआत दुनिया की चौथे नंबर की टीम और ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ के साथ की थी. इसके बाद भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. वहीं, चीन ने अपने आखिरी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से हराकर सात अंक के साथ पूल डी में पहला स्थान हासिल किया. भारत एक जीत और दो ड्रॉ के साथ पांच अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा.

ये भी पढ़ें: एक गोल तक नहीं कर सकी रोवर्स एफसी, ईस्ट बंगाल महिला टीम ने 12-0 से दर्ज की रिकॉर्ड जीत