समाचार · छत्तीसगढ़
कांकेर में पोते ने की दादी की हत्या:शराब पीने के लिए पैसे मांगे, इनकार पर टंगिया से वारकर ले ली जान, आरोपी अरेस्ट
कांकेर जिला मुख्यालय के व्यासकोंगेरा (फरसीपारा) में सोमवार दोपहर एक घटना सामने आई। शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने अपनी 61 वर्षीय दादी की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 06 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे हुई। आरोपी भीष्म उर्फ भीखम उरेंजड़ी ने अपनी दादी बुधियारिन बाई उरेंजड़ी (61 वर्ष) से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। दादी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने घर के बाहर गली में टंगिया से उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने दादी को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और टंगिया से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला को परिजन और मोहल्ले के लोगों की मदद से जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर थाना कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। मामले में मर्ग क्रमांक 91/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी शराब पीने का आदी है और पहले भी शराब के लिए परिवार के सदस्यों से विवाद करता रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।