समाचार · झारखंड
Nepal Flood : रांची के इंजीनियर दंपती नेपाल में लापता, छोटे भाई से हुई थी अंतिम बातचीत

Nepal Flood: रांची के हिनू निवासी इंजीनियर दंपती अंकित रंजन और उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा नेपाल घूमने गये थे. वहां से दोनों लापता हो गये हैं. वर्तमान में अंकित रंजन यूके की नागरिकता ले चुके हैं. वह जेपी मॉर्गन कंपनी में इंजीनियर हैं. उनकी पत्नी भी यूके में ही इंजीनियर हैं. दोनों यूके से ही नेपाल घूमने गये थे.
26 अगस्त की सुबह इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे
अंकित रंजन और उनकी पत्नी 26 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे दस्तावेज बनाने को लेकर नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे. यह जानकारी अंकित रंजन के छोटे भाई तनय रंजन ने दी है. तनय रंजन ने बताया कि बड़े भाई अंकित रंजन से उनकी उसी समय आखिरी बार बात हुई थी. इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल रहा है. परिजनों के अनुसार, दोनों के लापता होने के बाद उनकी तलाश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: झारखंड : नेपाल त्रासदी में लापता रामप्रसाद के परिजनों से मिले केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, कहा- खोजने का प्रयास जारी
2009 में रांची छोड़कर चले गये थे यूके
तनय रंजन के अनुसार, उनके बड़े भाई अंकित रंजन ने वर्ष 2009 में ही रांची छोड़ दिया था. इसके बाद वह यूके चले गये थे. वर्तमान में वह वहीं रहकर इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे. उनकी पत्नी भी यूके में इंजीनियर हैं. तनय रंजन अब नासिक में रहते हैं. उन्होंने बताया कि नेपाल जाने के बाद भाई और भाभी से संपर्क नहीं हो पाया है. परिवार दोनों के सकुशल मिलने को लेकर चिंतित है.