समाचार · हरियाणा
नारनौल में कुओं से 470 फीट बिजली की केबल चोरी:वारदात से ग्रामीणों में रोष, चोरों की गिरफ्तारी व पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
हरियाणा के नारनौल में सदर थाना के गांव शहरपुर में चोरों ने एक ही रात में तीन किसानों के खेतों में स्थित कुओं को निशाना बनाते हुए करीब 470 फीट बिजली की केबल चोरी कर ली। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और रोष का माहौल है। पीड़ित किसानों ने पुलिस से चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने, चोरी हुई केबल बरामद कराने तथा गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने सरपंच प्रतिनिधि राजवीर सिंह के कुएं से करीब 70 फीट, रिटायर्ड शिक्षक श्योताज सिंह के कुएं से लगभग 150 फीट तथा किसान कंवर सिंह के कुएं से करीब 250 फीट बिजली की केबल चोरी कर ली। तीनों स्थानों से कुल लगभग 470 फीट केबल चोरी होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पहले भी हो चुकी चोरी ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खेतों में स्थित कुओं से बिजली की केबल चोरी होने की यह पहली घटना है। इससे पहले इस प्रकार की वारदात कभी सामने नहीं आई थी। घटना के बाद किसानों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है और उन्हें आशंका है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। केबल बरामद करने की मांग ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही चोरी हुई केबल बरामद कर पीड़ित किसानों को राहत दिलाई जाए। ग्रामीणों ने गांव एवं खेतों के आसपास रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।