national
जंतर-मंतर पर 21 अगस्त को प्रदर्शन की खबर वायरल, दिल्ली पुलिस ने बताई सच्चाई

Jantar Mantar protest : जंतर-मंतर पर 21 अगस्त को आरक्षण सुधारों के मुद्दे पर प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को दिल्ली पुलिस ने गलत और भ्रामक बताया है.
पिछले महीने ही समाप्त हुआ 36 दिनों का आंदोलन
पुलिस ने स्पष्ट किया कि 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर इस मुद्दे को लेकर किसी भी प्रदर्शन के लिए किसी को अनुमति नहीं दी गई है. पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे ऐसे दावों को लेकर सतर्क रहने को कहा है. पिछले महीने ही जंतर-मंतर पर 36 दिन तक चला आंदोलन 25 जुलाई को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ समाप्त हुआ था.
धारा 163 लागू
दिल्ली पुलिस ने बताया कि नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है. इसके तहत सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ गतिविधियों पर प्रतिबंध रहता है.
सोशल मीडिया में 21 अगस्त की चर्चा
पुलिस की ओर से यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया है, जब आरक्षण सुधारों को लेकर 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मिलने से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे थे. पुलिस ने इन दावों को तथ्यहीन बताते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी है.
Also read : वंदे मातरम् विवाद : कांग्रेस दो अंतरे गाने पर अड़ी, अमित शाह बोले- फैसला राष्ट्रविरोधी और वोट बैंक की राजनीति