Friday, 3 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अगले 12 दिन में 70 सांदीपनि विद्यालयों का होगा लोकार्पण:स्कूल शिक्षा विभाग के 46 और जनजातीय कार्य विभाग के 24 सांदीपनि स्कूल

INT News3 July 2026 at 09:22 pm

प्रदेश में 70 सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है और इन सभी विद्यालयों का लोकार्पण अगले 12 दिनों में 15 जुलाई तक कर लिया जाएगा ताकि यहां विधिवत कक्षाएं शुरू की जा सकें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण आनंद के उत्सव के रूप में मनाया जाए। यह सिर्फ नए भवनों का उद्घाटन नहीं, हमारे नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अध्याय का शुभारंभ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह निर्णय शुक्रवार को मंत्रालय में लोकार्पण के लिए तैयार हो चुके प्रदेश के सभी सांदीपनि विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा के दौरान लिया। उन्होंने स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन विद्यालयों का लोकार्पण औपचारिक कार्यक्रम न होकर शिक्षा, संस्कृति और जनभागीदारी का सामाजिक उत्सव बने। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित स्कूल चलें अभियान के दौरान आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में बच्चों, उनके अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों की व्यापक सहभागिता रखी जाए। सांदीपनि पर आधारित लघु पुस्तिका भी बांटेंगे मुख्यमंत्री ने गुरु सांदीपनि के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित एक लघु पुस्तिका (पॉकेट बुक) प्रकाशित कर विद्यार्थियों में वितरित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरु सांदीपनि ने जाति, वर्ग, रंग का भेद न करके अमीर-गरीब से लेकर राज परिवार के बच्चों सहित गरीबों और किसानों के बच्चों को शिक्षा-दीक्षा दी। सभी को समान रूप से दीक्षित किया। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बारे में हम सबके विशेषकर विद्यार्थियों को जानना जरूरी है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण पहले ही हो चुका है, वहां प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों से जुड़ाव बढ़े। 70 विद्यालयों में स्कूल शिक्षा के 46, जनजातीय कार्य विभाग के 24 सांदीपनि स्कूल बैठक में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. संजय गोयल ने बताया कि वर्तमान में 70 सांदीपनि विद्यालय भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसमें स्कूल शिक्षा विभाग के 46 एवं जनजातीय कार्य विभाग के 24 (कुल 70) सांदीपनि विद्यालय लोकार्पण के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिलों के प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इनका लोकार्पण कराया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाली गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) के दिन हर जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया जाए। इसमें विज्ञान प्रदर्शनी आयोजन, गुरुजनों का सम्मान, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा किए गए नवाचारों की जानकारी प्रदाय, विद्यार्थियों द्वारा डिजिटल एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का प्रदर्शन सहित स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान जैसे आयोजन किए जाएं। श्रमोदय विद्यालय श्रम विभाग संचालित करेगा उधर, श्रमोदय विद्यालय के संचालन को लेकर चल रहे विवाद का पटाक्षेप भी हो गया है। बताया गया कि स्कूल शिक्षा विभाग ने श्रम विभाग की डिमांड पर श्रमोदय विद्यालय के संचालित श्रम विभाग को ही संचालित करने पर सहमति दी है। यहां गौरतलब है कि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर में श्रमोदय विद्यालय श्रम विभाग द्वारा बनवाए गए हैं। इसके संचालन को लेकर विवाद की स्थिति बन रही थी। हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय कार्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग और श्रम विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों के संचालन में युक्तियुक्तकरण के लिए कहा है।