Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शरद पूर्णिमा पर निकला हिंदू उत्सव समिति का चल समारोह:राधा-कृष्ण ने किया नौका विहार, शीतलदास की बगिया में हुई आतिशबाजी

INT News26 October 2026 at 12:01 am

शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को श्री हिंदू उत्सव समिति की ओर से चल समारोह निकाला गया। भगवान श्री राधा-कृष्ण की भक्ति और धार्मिक उल्लास के बीच निकले समारोह में आकर्षक झांकी, सुसज्जित बग्घी, ढोल और दो बैंड शामिल रहे। चल समारोह के शीतलदास की बगिया पहुंचने पर आतिशबाजी की गई। यहां भगवान श्री राधा-कृष्ण ने नौका विहार किया। इसके बाद श्रद्धालुओं को खीर प्रसाद वितरित किया गया। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि चल समारोह शाम 6:30 बजे घोड़ा निक्कास स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू हुआ। यहां से जनकपुरी, सिंधी मार्केट, भवानी चौक, सोमवारा, रेतघाट और कमला पार्क होते हुए समारोह शीतलदास की बगिया पहुंचा। रास्ते में धार्मिक आयोजन और भगवान राधा-कृष्ण की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। समिति ने शरद पूर्णिमा के अवसर पर इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक परंपराओं और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। आयोजन के सफल संचालन के लिए अशोक विश्वकर्मा को संयोजक बनाया गया था। समिति ने श्रद्धालुओं के सहभाग के लिए आभार जताया।