समाचार · झारखंड
टाटा मोटर्स के रिटायर्ड कर्मचारी के क्वार्टर का ताला तोड़ 20 लाख के गहने की चोरी

जमशेदपुर : टेल्को थानांतर्गत रोड नंबर एक क्वार्टर नंबर के-2/6 का पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के गहने और करीब 15 हजार रुपये की चोरी कर ली. चोरी करने के बाद चोर क्वार्टर के पीछे से ही फरार हो गये. घटना शनिवार रात की है. टाटा मोटर्स के रिटायर्ड कर्मचारी शमशेर खान ने बताया - वह क्वार्टर नंबर के-2/6 में अपनी बेटी, नतनी और पत्नी के साथ रहते हैं. उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका है. शनिवार को उनका बेटा हैदराबाद से घर आया था.
सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है पुलिस
क्वार्टर में जगह कम होने के कारण वे लोग क्वार्टर में ताला बंद कर पूरे परिवार के साथ अपने मानगो स्थित श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने के लिए चले गये. रविवार की रात परिवार के साथ लौटे. इसके बाद मेन गेट का ताला खोल कर कमरे में गये. भीतर वाले कमरे का ताला खोले तो देखा कि दूसरे कमरे का पूरा सामान बिखरा हुआ है. कमरे में रखा हुआ अलमारी खुला हुआ है और उसमें रखे गहने का पूरा बैग गायब है. चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के गहने और नकद की चोरी कर ली. सूचना मिलने के बाद टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करना शुरू कर दी. पुलिस मामले की छानबीन करने के बाद आस पास में लगे सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है.
पीछे के रास्ते से घुसे चोर
शमशेर खान ने बताया कि चोर क्वार्टर के पीछे से दिवार फांद कर प्रवेश किया है. उसके बाद वे लोग पीछे के गेट का ताला तोड़ कर कमरे में आये. उसके बाद बड़े आराम से अलमारी में रखे सामान और गहने की चोरी की. उसके बाद पीछे गेट का ताला तोड़ कर सामान लेकर बाहर निकले. उसके बाद रवाना हो गये. चोरों के हाथ और पैर का निशान भी दीवार पर मिले है.