Friday, 25 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

वोट चोरी, देशद्रोह और सरकारी गवाह बनने की सलाह, ज्ञानेश कुमार पर राहुल गांधी के 7 वार

INT News24 September 2026 at 08:44 pm

चुनाव आयोग को लेकर एक रिपोर्ट सामने आने के बाद देश में सियासी घमासान मचा हुआ है. कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे के भीतर इस्तीफे का अल्टीमेटम दिया है. वहीं, कांग्रेस ने सीईसी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग कर दी है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीईसी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं.

राहुल गांधी ने सीईसी पर एसआईआर में कथित गड़बड़ियों से लेकर दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों तक, चुन-चुनकर हमला बोला. उन्होंने सीईसी ज्ञानेश कुमार के साथ ही चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए. लोकसभा में विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि मामला सिर्फ एसआईआर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश में वोट और लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुरक्षा से जुड़ा है.

ज्ञानेश कुमार पर राहुल गांधी के सात वार...

1- 'वोट चोरी' का आरोप

राहुल गांधी ने वोट चोरी को संविधान और कानून से जोड़ते हुए कहा कि वोट हमारे देश की नींव है. इसी वोट से संविधान को ताकत मिलती है और संविधान से कानून और संस्थाएं बनती हैं. राहुल गांधी ने कहा कि चोरी के वोट से चुने गए लोगों द्वारा बनाया गया कानून इलीगल है.

2- 2024 के चुनाव में धांधली का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भी धांधली का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि आने वाले 3 से 4 महीनों में यह दिख जाएगा कि 2024 और उससे पहले के चुनाव फेक थे.

3- वोट काटना अभिव्यक्ति पर हमला

वोट चोरी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ वोट पर हमला नहीं है, बल्कि हर भारतीय की अभिव्यक्ति पर हमला है. उन्होंने वोट, संविधान, कानून और संस्थाओं के बीच एक कड़ी बताते हुए चुनावी प्रक्रिया को लोकतंत्र की बुनियाद से जोड़ा.

4- राज्यों के चुनाव में भी धांधली का आरोप

राहुल गांधी ने हरियाणा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के चुनाव परिणामों का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यों के चुनावों में भी धांधली हुई है.

5- वोट की अहमियत खत्म करने का आरोप

राहुल गांधी ने वोट चोरी के आरोपों को लोकतंत्र की बुनियाद से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि देश के लोकतंत्र में वोट की अहमियत खत्म की जा रही है.

6- ज्ञानेश कुमार पर 'देशद्रोह' का आरोप

राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को सबसे बड़ा देशद्रोह कहा. उन्होंने कहा कि मैं तीन साल से वोट चोरी का पर्दाफाश करता आ रहा हूं. अब चुनाव आयुक्त खुद इसे स्वीकार कर सच्चाई उजागर कर रहे हैं. ज्ञानेश कुमार देशद्रोह किया है.

7- ज्ञानेश कुमार को सरकारी गवाह बनने की सलाह

राहुल गांधी ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है. उन्होंने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग करते हुए उन्हें सरकारी गवाह बनने की सलाह दी. राहुल गांधी ने कहा कि ऐसा करना राष्ट्रहित में एक कदम होगा.

ये भी पढ़ें: 'मोदी-शाह के खिलाफ एंटी-इनकम्बेंसी क्यों नहीं', राहुल गांधी ने इंदिरा का उदाहरण देकर सरकार को घेरा

रिपोर्ट में क्या था

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्ति दर्ज की. रिपोर्ट में मतदाता सूची के डेटा के केंद्रीकरण, Form-6 में बदलाव, मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया और गोवा में 97 पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं हो पाने जैसे मामलों का जिक्र किया गया है. दोनों चुनाव आयुक्तों ने चुनाव आयोग के IT सिस्टम और मतदाता डेटा के नियंत्रण को लेकर भी चिंता जताई थी. हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा कि SIR समेत पिछले 10 महीनों में आयोग के सभी फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं.