Friday, 2 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के बीच पर हादसा : हंसी-खुशी पिकनिक पर गए थे 48 छात्र, लौटकर आई 8 मौतों की खबर

INT News1 October 2026 at 10:56 pm

Raigarh Beach Accident : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक कोचिंग के छात्र शिक्षकों के साथ पिकनिक पर गए थे. सभी छात्र 11वीं और 12वीं क्लास के थे. छात्रों का ग्रुप पुणे के दिवेआगर से रायगढ़ आया था. छात्रों में से 8 बच्चे नहाने के लिए समुद्र के पानी में उतरे और खेल-कूद करते गहरे पानी में चले गए. शिक्षकों की नजर पड़ती तब तक हादसा हो चुका था. जब छात्रों को उनके बीच नहीं देखा गया तो खोज शुरू हुई. बाद में सभी आठ छात्रों के शव बरामद किए गए. इस घटना ने इलाके को गमगीन कर दिया है.

48 लोगों का ग्रुप पहुंचा था दिवेआगर

पुणे के आलंदी स्थित Winners Academy, जो 11वीं और 12वीं के छात्रों को कोचिंग देता है, का 48 सदस्यीय दल टूर पर दिवेआगर के दिघी सागरी इलाके में पहुंचा था. ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे.

बताया जा रहा है कि कुछ छात्र समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे. इसी दौरान तेज बहाव और पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण 8 छात्र बह गए.

स्थानीय लोगों की मदद से निकाले गए शव

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन ने छात्रों की तलाश शुरू कर दी. स्थानीय वॉटर स्पोर्ट्स संचालक भाऊ मारुति सालुंखे और उनकी टीम भी तुरंत बचाव अभियान में जुट गई. लगातार प्रयास के बाद सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए.

दिघी सागरी बोर्ली पंचतन पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष आवटे भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शवों को बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

मृत छात्रों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान तन्मय दत्तात्रय वाहिले, सुमित भरत अहिरे, प्रणव रामदास बांसोडे, कैवल्य सतीश वासंकर, राजवीर युवराज वाहिले, यश किरण वानखेड़े, सोहम तुकाराम भंडवलकर और कौस्तुभ संदीप दौंड के रूप में हुई है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. घटना की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छात्रों को समुद्र में जाने की अनुमति और निगरानी की क्या व्यवस्था थी. हादसे के बाद छात्रों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है.

ये भी पढ़ें: Flydubai Flight में ओमानी को-पायलट ने कुल्हाड़ी से किया हमला, जानिए विमान के कॉकपिट तक कैसे पहुंचा जानलेवा हथियार?

ये भी पढ़ें: फ्लाईदुबई की घटना से याद आया 50 साल पुराना एंटेबे हाइजैक, जब 102 यहूदियों को छुड़ाने दुश्मन देश में घुस गई थी इजरायली सेना