Friday, 2 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

कौन करेगा दोस्ती पर भरोसा, पहले शराब पिलाई फिर दी दर्दनाक मौत, 8 दिन बाद मिली सड़ी-गली लाश

INT News2 October 2026 at 12:56 am

Bijnor Crime News : उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पैसों के लालच में हत्या का एक मामला सामने आया है. आरोप है कि तीन दोस्तों ने 52 वर्षीय अनीश की हत्या कर दी, क्योंकि उन्हें शक था कि उसके पास मोटी रकम है. पैसे की तलाश में विरोध करने पर आरोपियों ने बेल्ट से गला घोंटकर और स्वेटर बुनने वाली सलाई से हमला कर उसकी जान ले ली. हत्या के बाद उसकी लाश को गन्ने के खेत में फेंक दिया. करीब आठ दिन बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शव बरामद किया है, जबकि तीसरे आरोपी की अभी भी तलाश जारी है.

शराब पीने के दौरान बनाया हत्या का प्लान

मामला बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव का है. यहां के रहने वाले 52 वर्षीय अनीश 21 सितंबर को हल्दौर में लगने वाला गुदड़ी मेला देखने आए थे. रात में वह अपनी बहन के घर रुके. अगले दिन मेला देखने के बाद वह अपनी बहन के ससुर के साथ हल्दौर में चाय की दुकान पर पहुंचे. वहां उनकी मुलाकात हिमांशु, राजा और हरप्रीत उर्फ हर्षअंगा से हुई. पहली मुलाकात में हीं तीनों से दोस्ती हो गई. अगले दिन अनीश ने उनके साथ शराब पी और घूमने भी गए. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान तीनों को शक हुआ कि अनीश के पास काफी पैसे हैं. इसी रकम को हड़पने के इरादे से उन्होंने उसे सुनसान जगह पर ले जाने का आरोप है.

पैसों की तलाश में विरोध करने पर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने अनीश की तलाशी लेने की कोशिश की. अनीश ने इसका विरोध किया और आरोपियों को गाली दी. इसके बाद विवाद बढ़ गया फिर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हरप्रीत ने कथित तौर पर बेल्ट से अनीश का गला घोंट दिया. वहीं, हिमांशु ने स्वेटर बनाने वाली सलाई से उसके गले पर हमला किया. इस दौरान अनीश की मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने शव को घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर नहर किनारे गन्ने के खेत में फेंक दिया और वहां से भाग गए .

पांच दिन तक तलाश करता रहा परिवार

अनीश के लापता होने के बाद परिवार वाले लगातार उसकी खोज कर रहे थे. पांच दिन तक कोई सुराग नहीं मिलने पर उनकी बहन और भाई स्योहारा थाने पहुंचे. अनीश के भाई अजीज ने पुलिस को तहरीर देकर हिमांशु, राजा और हरप्रीत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने अनीश के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने हिमांशु और राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में दोनों ने वारदात में शामिल होने से इनकार किया.

CCTV फुटेज से खुला राज, गन्ने के खेत में मिला शव

जांच के दौरान पुलिस को एक अहम CCTV फुटेज मिला. इसमें अनीश तीनों आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल से जाते हुए दिखाई दिए. फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से दोबारा पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद हिमांशु और राजा ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए घटना की जानकारी दी. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने नहर किनारे गन्ने के खेत से अनीश का शव बरामद किया. करीब आठ दिन पुराना शव सड़-गल चुका था. घटनास्थल से अनीश का आधार कार्ड भी बरामद हुआ. पुलिस ने आरोपियों के खून से सने कपड़े मिलने की बात भी कही है.

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी अमित किशोर श्रीवास्तव के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में हिमांशु और राजा को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में शामिल बताए जा रहे तीसरे आरोपी हरप्रीत उर्फ हर्षअंगा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. पुलिस की जांच में सामने आया कि अनीश के पास वास्तव में कोई बड़ी रकम नहीं थी. जिस पैसे के लालच में उनकी हत्या किए जाने का आरोप है, वह रकम महज शक के आधार पर मानी गई थी. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

Also Read : UP में बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, 7 साल बाद बढ़ेंगे बिजली के दाम? 30 नवंबर को खुलेगा राज