Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

मोगा-मेडिकल स्टोर पर विवाद के बाद चलीं गोलियां:मुक्तसर साहिब का युवक घायल; राजिंदर सिंह पर इरादा-ए-कत्ल व आर्म्स एक्ट के तहत केस

INT News24 November 2026 at 09:50 pm

मोगा जिले के धर्मकोट सब-डिवीजन स्थित गांव भिंडर कलां में एक मेडिकल स्टोर के बाहर दवाई को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान चली गोलियों में श्री मुक्तसर साहिब निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्या है पूरा मामला? इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले अभिजीत सिंह अपने कुछ साथियों के साथ गांव भिंडर कलां के एक मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने आए थे। स्टोर मालिक द्वारा दवाई उपलब्ध न होने की बात कहने पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। पिता ने मौके पर पहुंचकर की फायरिंग

विवाद बढ़ता देख मेडिकल स्टोर के मालिक ने फोन कर अपने पिता राजिंदर सिंह को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही राजिंदर सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली अभिजीत सिंह को जा लगी। घायल अवस्था में अभिजीत को तुरंत इलाज के लिए बठिंडा के एम्स (AIIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हत्या के प्रयास में मामला दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि, बाद में घायल अभिजीत सिंह के बयानों के आधार पर भिंडर कलां निवासी राजिंदर सिंह को नामजद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (इरादा-ए-कत्ल) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।