समाचार · मध्य प्रदेश
सनखेड़ी में 2.90 करोड़ का बिजली उपकेंद्र शुरू:किसान की दान की जमीन पर 9 गांवों को मिलेगी फुल वोल्टेज बिजली
रायसेन जिले की सांची जनपद के ग्राम सनखेड़ी में बुधवार शाम 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 2.90 करोड़ रुपए की लागत से बने 5 एमवीए क्षमता वाले इस उपकेंद्र का उद्घाटन किया। यह उपकेंद्र भूमि दानदाता लक्ष्मीनारायण बसे द्वारा दान की गई 50 डिसमिल भूमि पर स्थापित किया गया है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के 9 गांवों को निर्बाध और पूर्ण वोल्टेज बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। विशनखेड़ी, बिजौली, सनखेड़ी, देवलखेड़ी, आलमखेड़ा, रामगढ़, झिरनिया, महुआखेड़ा और हिम्मतगढ़ के किसान व ग्रामीण लंबे समय से कम वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे थे। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लक्ष्मीनारायण बसे ने अपनी 50 डिसमिल भूमि दान की, जिस पर नया विद्युत उपकेंद्र बनाया गया। ऊर्जा मंत्री बोले- बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार नए उपकेंद्र स्थापित कर रही है। नए उपकेंद्र से कम वोल्टेज और बिजली बाधित होने जैसी समस्याएं दूर होंगी। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिलेगी, जबकि विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बिना बाधा के हो सकेगी। कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने उपकेंद्र निर्माण के लिए भूमि दान देने वाले लक्ष्मीनारायण बसे का सम्मान किया। उन्होंने उपकेंद्र परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मेहगांव फीडर पर भी कम होगा बिजली का दबाव सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने बताया कि पहले इन गांवों को मेहगांव फीडर से बिजली मिलती थी, जिससे कम वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट की समस्या बनी रहती थी। अब नए फीडर से पूर्ण वोल्टेज बिजली मिलने से किसानों के सिंचाई पंप सुचारु रूप से चलेंगे, घरेलू उपकरण सुरक्षित रहेंगे और मेहगांव फीडर से जुड़े अन्य गांवों की बिजली व्यवस्था में भी सुधार होगा। कार्यक्रम में महाप्रबंधक अंकुर सेठ, उपमहाप्रबंधक नीरज चौरसिया एवं वैभव त्रिपाठी, सहायक अभियंता पवन सिंह, गौरव अटूट, संजय पटेल, कनिष्ठ अभियंता गणेश अमरेंद्र, सीताराम कोल सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।