समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में मामूली विवाद पर युवक की हत्या:आरोपियों ने विवाद के बाद दौड़ाया तो स्कूटी नाली में गिरी, दौड़ाकर मारा चाकू
राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में आधी रात मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास दो अज्ञात हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से कई वार किए और मौके से फरार हो गए। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है। विवाद के बाद स्कूटी से भागा युवक जानकारी के मुताबिक डंगनिया निवासी अहमद खान (22) की सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की गली में किसी बात को लेकर दो युवकों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने के बाद अहमद स्कूटी से वहां से भागने लगा। इसी दौरान उसकी स्कूटी सड़क किनारे नाली में जा गिरी और वह नीचे गिर गया। पीछा कर रहे दोनों हमलावरों ने युवक को जमीन पर गिरा देख उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने अहमद पर लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़ा रहा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। एम्स ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अहमद को उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की हत्या की सूचना मिलते ही DCP, ADCP और ACP समेत क्राइम ब्रांच की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस टीम हमलावरों की पहचान के लिए फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी जुटा रही है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल हत्या की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामूली विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।