national · उत्तर प्रदेश
राम मंदिर चंदा चोरी मामला: केजरीवाल का बीजेपी पर हमला, कहा- राम के नाम पर वोट लिया, फिर उन्हीं के साथ किया धोखा

Ram Mandir Donation Row: केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, "पूरा देश जानता है कि वोट के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किसने किया. पिछले 40-50 सालों से बीजेपी और उससे जुड़े संगठनों ने राम नाम पर वोट पाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. भगवान राम ने भी उन्हें निराश नहीं किया और वे केंद्र सहित 21 राज्यों में सरकार बनाने में सफल रहे. इसके बावजूद, इन लोगों ने भगवान राम के साथ ही धोखा कर दिया."
सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने और कमीशनखोरी का आरोप
AAP संयोजक ने मंदिर निर्माण में गंभीर वित्तीय गड़बड़ियों का दावा किया. उन्होंने कहा, लाखों-करोड़ों भक्तों द्वारा श्रद्धा से दिए गए दान के पैसे को चुराया गया और जमीन के बड़े घोटाले किए गए. केजरीवाल ने कहा- "राम मंदिर निर्माण के दौरान महज 40 दिनों के भीतर परिसर के अंदर चोरी की 70 घटनाएं सीसीटीवी में कैद हुईं, लेकिन बाद में 8 महीने की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को डिलीट कर दिया गया." सिस्टम पर सवाल उठाते हुए केजरीवाल ने कहा- "मामले को दबाने के लिए एक फर्जी एसआईटी (SIT) बनाई गई और फर्जी एफआईआर दर्ज की गई. पूरा सिस्टम चोरों और डकैतों को संरक्षण देने में लगा है.
सुंदरकांड का आयोजन और 'फांसी' का संकल्प
आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर चंदा चोरी के विरोध में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया. इस दौरान केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं और भक्तों से भावुक अपील करते हुए कहा, "लोगों को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री इस मामले में कड़ा रुख अपनाएंगे और चोरों को बख्शेंगे नहीं. लेकिन अब साफ हो चुका है कि कोई जांच नहीं होगी क्योंकि इसमें उनकी अपनी पार्टी और संगठनों के लोग शामिल हैं. आज हर राम भक्त को संकल्प लेना चाहिए कि जब तक भगवान राम के घर में डकैती करने वालों को फांसी की सजा नहीं मिल जाती, तब तक हम चुप नहीं बैठेंगे."
ये भी पढ़ें: राम मंदिर दान चोरी की परतें CCTV ने खोली, 40 दिन में 70 बार निकाली गई रकम, अविनाश ने 50 बार पार की चढ़ावे की राशि
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : महंत कमल नयन दास ने कहा- चंपत राय के साथ छल हुआ