समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:अमृतसर में एनकाउंटर, पेट्रोल बम हमले का आरोपी गिरफ्तार; लुधियाना में नेशनल हाईवे जाम करेंगे किसान
अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार रात भैणी गांव के पास हुई मुठभेड़ के बाद दो कथित हमलावरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला रंगदारी की धमकी से जुड़े हमले का है, जिसकी साजिश विदेश में बैठे एक गैंगस्टर ने रची थी। पुलिस के अनुसार, रविवार रात गांव पंडोरी वड़ैच निवासी विक्रम सिंह के घर पर तीन पेट्रोल बम फेंके गए थे। इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। लुधियाना में आज किसानों का चक्का-जाम लुधियाना में नेशनल हाईवे-44 से गुजरने वाले लोगों को आज परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। किसान संगठनों ने बस्ती जोधेवाल चौक पर चक्का जाम करने का ऐलान किया है। स्थानीय और राज्य स्तरीय मांगों को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन और भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) आज सुबह 11 बजे से नेशनल हाईवे-44 जाम करेंगे। किसान संगठनों के अनुसार, किसानों और क्षेत्र निवासियों का विशाल काफिला मतिवाड़ा से रवाना होकर बस्ती जोधेवाल चौक पहुंचेगा। इसके बाद किसान बस्ती जोधेवाल चौक और NH-44 के फ्लाईओवर पर चक्का जाम करेंगे। वहीं, पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को चक्का जाम के दौरान बस्ती जोधेवाल चौक की ओर जाने से बचने की सलाह दी है।