समाचार · छत्तीसगढ़
कश्मीर में छत्तीसगढ़ के मजदूरों को नाम पूछकर गोली मारी:घटना में एक की मौत, दूसरा गंभीर; आतंकियों की तलाश जारी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने पहले मजदूरों की पहचान पूछी और नाम जानने के बाद उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर है, उसका इलाज चल रहा है। वारदात के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मृतक एवं घायल की पहचान दीपक रात्रे और भूपेंद्र के रूप में हुई है। मजदूर बलौदा बाजार और सक्ती जिले के बताए जा रहे है। आतंकी हमले की खबर के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। वहीं पुलिस की गाड़ियां आतंकियों की तलाश में जुट गई हैं। सीएम साय ने बताई कायराना हरकत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के हताहत होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है और अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। मृतक श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।