Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

16 साल से लापता रोपड़ के युवक का सुराग नहीं:20 लाख में हुआ था सौदा, अमेरिका भेजने वाले आरोपी को अग्रिम जमानत

INT News24 November 2026 at 09:27 pm

रोपड़ के एक परिवार को 16 साल बाद भी अपने बेटे के लौटने का इंतजार है। वर्ष 2010 में नौकरी के लिए अमेरिका भेजने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने के बाद एजेंटों ने युवक मनजीत सिंह को विदेश भेज दिया था। वह निकारागुआ पहुंचने के बाद पिता से फोन पर बात कर अमेरिका पहुंचने की जानकारी देने वाला था, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। अब इस मामले में मोहाली की विशेष सीबीआई अदालत ने एक आरोपी को अग्रिम जमानत दे दी है। अदालत ने जालंधर निवासी 46 वर्षीय प्रदीप कुमार की अग्रिम जमानत याचिका मंजूर करते हुए पहले मिली अंतरिम राहत को स्थायी कर दिया। कोर्ट ने साफ किया है कि आरोपी को जांच अधिकारी के बुलाने पर जांच में शामिल होना होगा। शर्तों का उल्लंघन होने पर सीबीआई उसकी जमानत रद्द कराने के लिए अदालत में आवेदन कर सकती है। आरोपी का दावा- युवक के लापता होने के बाद परिवार के संपर्क में आया प्रदीप कुमार की ओर से पेश वकील ने अदालत में दलील दी कि शिकायतकर्ता के बेटे को विदेश भेजने में आरोपी की शुरुआती भूमिका नहीं थी। बचाव पक्ष के मुताबिक, मनजीत के लापता होने के बाद प्रदीप अपने आध्यात्मिक गुरु 'बाबा चीमा' के माध्यम से परिवार के संपर्क में आया था। उसने युवक को तलाशने में मदद करने की कोशिश की थी। वहीं, सीबीआई की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए जांच अधिकारी डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि अदालत से 28 अक्टूबर को अंतरिम राहत मिलने के बाद आरोपी 30 अक्टूबर को जांच में शामिल हो चुका है। जांच एजेंसी ने मांग की कि जरूरत पड़ने पर उसे दोबारा जांच में शामिल होने के निर्देश दिए जाएं। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने अग्रिम जमानत की अंतरिम राहत को स्थायी कर दिया। 20 लाख रुपए लेकर अमेरिका भेजने का किया था वादा मामले की शिकायत रोपड़ निवासी अक्टूबर सिंह ने दी थी। शिकायत के अनुसार, पंचकूला के दो एजेंट नीटा और बंटी ने उनके बेटे मनजीत सिंह को नौकरी के लिए अमेरिका भेजने का भरोसा दिया था। इसके लिए परिवार से 20 लाख रुपए लिए गए थे। एजेंटों ने अगस्त-सितंबर 2010 के दौरान मनजीत को दिल्ली से फ्लाइट के जरिए निकारागुआ की राजधानी मानागुआ/ग्वाटेमाला भेजा था। विदेश पहुंचने के बाद मनजीत ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह करीब एक सप्ताह में अमेरिका पहुंच जाएगा और फिर संपर्क करेगा। लेकिन इसके बाद उसका परिवार से संपर्क टूट गया। परिवार ने एजेंटों से बेटे के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। समय बीतने के साथ परिवार की चिंता बढ़ती गई और युवक का कोई पता नहीं चला। हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई को सौंपी गई थी जांच बेटे की तलाश में पिता ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उनकी याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 18 जुलाई 2023 को मामले की जांच सीबीआई की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, दिल्ली को सौंपने के आदेश दिए थे। इसके बाद सीबीआई ने 31 अक्टूबर 2023 को मानव तस्करी, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 370, 420 और 120-B के तहत जांच की जा रही है। फिलहाल अदालत से प्रदीप कुमार को अग्रिम जमानत मिली है, जबकि 2010 से लापता मनजीत सिंह का पता लगाने की जांच जारी है। परिवार के लिए सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि मनजीत कहां है और उसके साथ क्या हुआ।