समाचार · बिहार
नशे में धुत होमगार्ड का हाईवोल्टेज ड्रामा, भोजपुर के पीपा पुल पर राहगीरों से मारपीट के बाद गिरफ्तार

Arrah News : भोजपुर जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र स्थित पीपा पुल पर नशे में धुत एक होमगार्ड जवान और उसके साथियों द्वारा राहगीरों से मारपीट और रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होमगार्ड जवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो जब्त कर ली है.
पीपा पुल पर मचाया उत्पात, राहगीरों से मारपीट
गुरुवार रात गंगा नदी पर बने पीपा पुल के पास यूपी से लौट रहे स्कॉर्पियो सवार होमगार्ड जवान और उसके साथियों ने जमकर उत्पात मचाया. आरोप है कि नशे में धुत सभी लोगों ने राहगीरों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और रंगदारी की घटना को अंजाम दिया.
होमगार्ड जवान समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिन्हा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के अखगांव निवासी रोहित कुमार (होमगार्ड जवान), नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मिल्की निवासी सोनू कुमार और अनाइठ एकता नगर निवासी अभिषेक कुमार सिंह के रूप में हुई है. घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है. हालांकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए.
आरा ट्रैफिक थाना में तैनात था होमगार्ड जवान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रोहित कुमार आरा ट्रैफिक थाना में होमगार्ड जवान के रूप में तैनात था. सभी आरोपी उत्तर प्रदेश से लौट रहे थे और शराब के नशे में थे. पीपा पुल पर पहुंचते ही उन्होंने लोगों के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया.
Bhojpur News: राहगीरों से छीने रुपये
जानकारी के अनुसार कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के उदयभानपुर गांव के कुछ युवक मेले में घूमने पहुंचे थे. इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उनसे मारपीट की और कथित तौर पर 5 हजार रुपये छीन लिए. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सिन्हा थाना को जानकारी दी.
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में उदयभानपुर गांव निवासी राज कुमार के बयान पर मारपीट, रंगदारी और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
Also Read : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर जीतन राम मांझी का बयान, कहा- न्यायिक जांच रिपोर्ट से पहले हत्या कहना गलत