Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

यूपी में मौसम ने बदली करवट, रविवार को 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पूर्वांचल समेत इन इलाकों में बरसेंगे बदरा

INT News9 August 2026 at 08:29 am

UP News : यूपी में बारिश का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है. कहीं तेज बारिश तो कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 और 10 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. रविवार को खास तौर पर 11 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. अगर आज या अगले कुछ दिनों में घर से बाहर निकलने का प्लान है, तो मौसम का हाल जरूर जान लें. भारी बारिश के साथ जलभराव, बिजली गिरने और सड़कों पर फिसलन जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं.

पूर्वी यूपी में ज्यादा असर, पश्चिमी हिस्से में भी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार को कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत ज्यादा तेज रहने की संभावना है. IMD ने बताया है कि 9 और 10 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है. यानी फिलहाल मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ती नजर नहीं आ रही है.

9 अगस्त को इन 11 जिलों में भारी बारिश

IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, 9 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 10 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक इन जिलों में भारी बारिश की संभावना है: बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, सहारनपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर.

10 अगस्त को भी कई जिलों में अलर्ट

10 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 11 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, सहारनपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश का खतरा बना रहेगा.

11 अगस्त को इन इलाकों में बढ़ेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार, 11 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 12 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना है.

बारिश के बाद क्या-क्या परेशानी हो सकती है?

भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. कच्चे और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहेगा. इसके अलावा बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. बारिश के बाद सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ेगा. वहीं, नदी और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है. किसानों को भी फसल से जुड़ा नुकसान होने की आशंका है.

IMD ने लोगों को दी सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचें. पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों. नदी-नालों से दूरी बनाए रखें.लोगों से मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की भी अपील की गई है. यानी अगले कुछ दिन यूपी में मौसम को हल्के में लेने की जरूरत नहीं है. घर से निकलने से पहले अपने जिले का मौसम जरूर चेक करें.

Also Read : ‘ढाई किलो का हाथ’ लेकर लखनऊ पहुंचे सनी देओल, प्रीति जिंटा भी साथ:  योगी से हुई खास मुलाकात