Sunday, 11 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Success Story: 26 साल से BIT Mesra में सफाई कर रही मां, बेटी ने उसी संस्थान से हासिल की PhD डिग्री

INT News10 October 2026 at 10:43 pm

Success Story: बीआईटी मेसरा में आयोजित दीक्षांत समारोह में आरती कुमारी को इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री प्रदान की गयी. रांची के तुरुप गांव की रहने वाली आरती अपने गांव की पहली महिला हैं, जिन्होंने इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री हासिल की है.

मां रानू देवी की वर्षों के संघर्ष और त्याग का फल

आरती की इस उपलब्धि के पीछे उनकी मां रानू देवी की वर्षों का संघर्ष और त्याग रहा है. रानू देवी पिछले 26 वर्षों से बीआईटी मेसरा में झाड़ू-पोछा लगाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं. पति के निधन के बाद उन्होंने अकेले ही तीन बच्चों की परवरिश की.

एक सप्ताह में 400 रुपये से शुरू हुआ सफर

रानू देवी बताती हैं कि जब उन्होंने बीआईटी मेसरा में काम शुरू किया था, तब उन्हें एक सप्ताह के 400 रुपये मिलते थे. वर्तमान में उन्हें 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है. सीमित आमदनी के बावजूद उन्होंने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए मेहनत की.

कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद जारी रखी पढ़ाई

आरती तीन भाई-बहनों में मझली हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उच्च शिक्षा हासिल करना उनके लिए आसान नहीं था. पढ़ाई के दौरान बीआईटी मेसरा और सरकार की ओर से मिली छात्रवृत्ति ने उनकी काफी मदद की.

ये भी पढ़ें: रांची के इस दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन करने वालों को मिलेगा 2 लाख रुपये तक का बीमा कवर

छात्रवृत्ति के सहारे पूरी की उच्च शिक्षा

आरती ने आरटीसी से बीटेक और बीआईटी मेसरा से एमटेक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने शोध कार्य जारी रखा और इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री हासिल की. दीक्षांत समारोह में पीएचडी की डिग्री मिलने के साथ आरती ने अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया. उनकी उपलब्धि मां रानू देवी के वर्षों के संघर्ष और बेटी की मेहनत का परिणाम भी मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें: NLU रांची में PhD का मौका, 31 अक्टूबर तक करें आवेदन; जानें योग्यता, फीस और कोर्स की पूरी जानकारी