Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

विकास चौधरी हत्याकांड आरोपी गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया अमेरिका में अरेस्ट:हिमांशु भाऊ के साथ पकड़ा गया, फरीदाबाद पुलिस अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क में जुटी

INT News24 October 2026 at 12:51 pm

कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को भारत लाने की उम्मीद बढ़ गई है। अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ने 22 अक्टूबर को लास वेगास क्षेत्र में नीरज और गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को हिरासत में लिया था। इसकी जानकारी सामने आने के बाद हरियाणा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया में जुट गई हैं। अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क साधा जा रहा है। फरीदाबाद पुलिस पहले ही नीरज के प्रत्यर्पण के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को सिफारिश भेज चुकी है। एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि नीरज को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली है। पुलिस इस मामले में और जानकारी जुटा रही है। फरीदाबाद-पलवल में दर्ज हैं करीब 24 मामले नीरज फरीदपुरिया पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें फरीदाबाद और पलवल में करीब 12-12 मामले बताए जा रहे हैं। पुलिस को कई मामलों में उसकी तलाश है। विदेश में रहने के दौरान भी उसके नाम से रंगदारी मांगने की शिकायतें सामने आती रही हैं। एल्विश यादव के घर फायरिंग में भी सामने आया था गैंग का नाम अगस्त 2025 में गुरुग्राम स्थित यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस मामले की जांच के दौरान नीरज फरीदपुरिया और हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े शूटरों का नाम सामने आया था। सोशल मीडिया पर गैंग से जुड़े एक पोस्ट में भी फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। हालांकि, नीरज फरीदपुरिया के खुद गोली चलाने की पुष्टि नहीं हुई थी।

2019 में हुई थी विकास चौधरी की हत्या 26 जून 2019 को फरीदाबाद में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के दौरान नीरज फरीदपुरिया का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी उसके फरीदपुर गांव स्थित मकान पर छापेमारी कर चुकी है। पलवल में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप जुलाई 2024 में पलवल में रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। आरोप था कि चांदहट गांव निवासी योगेश कुमार को फोन कर एक करोड़ रुपये मांगे गए। फोन करने वाले ने खुद को नीरज फरीदपुरिया बताया था। रकम नहीं देने पर योगेश और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगा था। इस मामले ने विदेश में रहकर कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियां संचालित किए जाने की आशंका को फिर चर्चा में ला दिया था। हत्या में उम्रकैद के बाद हाईकोर्ट से मिली थी जमानत नीरज को वर्ष 2012 में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2015 में अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बाद में 2019 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह विदेश चला गया। इसके बाद विकास चौधरी हत्याकांड समेत अन्य मामलों में उसकी तलाश जारी रही। एनआईए की छापेमारी के बाद मकान भी ढहाया गया अक्टूबर 2022 में एनआईए ने फरीदाबाद के फरीदपुर गांव स्थित नीरज के मकान पर छापेमारी की थी। इससे पहले पुलिस और नगर निगम की कार्रवाई के दौरान गांव में स्थित उसके करीब 350 वर्ग गज के मकान को ढहा दिया गया था। अब अमेरिका में हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद जांच एजेंसियों की नजर उसे भारत लाने की प्रक्रिया पर है।