समाचार · हरियाणा
रेवाड़ी में रोहतक हाईवे पर दो कारों की टक्कर:बच्चे समेत 6 से ज्यादा लोग घायल, निर्माणाधीन ROB की सर्विस रोड पर हादसा
रेवाड़ी- रोहतक हाइवे पर बीती रात दो कारों की आपस में टक्कर हो गई। पाल्हावास में निर्माणाधीन आरओबी के सर्विस रोड पर हादसा हुआ। आगे चल रहे कार ड्राइवर ने गड्ढे के चलते अचानक कार का ब्रेक लगा दिया, जिससे पींछ चल रही कार उससे टकरा गई। हादसे में कारें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना के बाद रोहड़ाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक कार ड्राइवर वहां से जा चुके थे। हादसे में छोटे बच्चे सहित 6 से अधिक लोग घायल हो गए। हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया। इस माह यह तीसरा हादसा है। दिल्ली जा रहा था परिवार जानकारी के अनुसार गांव मूसेपुर से एक परिवार कार से दिल्ली जा रहा था। स्विफ्ट कार में करीब 5 लोग सवार थे। पालहावास में निर्माणाधीन आरओबी के सर्विस रोड पर गड्ढे से बचने के लिए ड्राइवर ने अचानक कार को ब्रेक लगा दिया। जिससे उसके पीछे आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। आसपास के लोग व राहगीर मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को देकर कार में फंसे लोगों को निकाला। जिससे दोनों कारों में सवार छोटे बच्चे सहित 6 से अधिक लोगों को चोटें आई, परंतु बड़ा हादसा होने से बच गया। घर-दुकान में घुसे ट्रक- ट्रॉले इससे पहले इस माह यहां दो बड़े हादसे हो चुके है। अगस्त की शुरूआत में ग्रिल और दीवार तोड़कर बेकाबू ट्रॉला घर में घुस गया था। रात को जब हादसा हुआ, तब दो परिवार अंदर सो रहे थे। ट्रॉले की टक्कर से बाहर खड़ी कार और घर क्षतिग्रस्त हो गए थे। अगस्त के मध्य में ट्रक बेकाबू होकर एक खाल दुकान में घुस गया था। जिससे दुकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। रात का समय होने के कारण आसपास कोई नहीं होने के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया था।