Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पठानकोट में बुजुर्ग महिला का बेरहमी से कत्ल:75 वर्षीय महिला के सिर पर रॉड से वार, चेहरा चाकू से गोदा और DVR उखाड़ ले गए हत्यारे

INT News18 August 2026 at 12:32 am

पठानकोट के रिहाइशी इलाके घरथौली मोहल्ला वार्ड नंबर 15 रामलीला ग्राउंड के बिल्कुल सामने सोमवार रात बेखौफ बदमाशों ने वारदात को अंजाम देते हुए एक 75 वर्षीया बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या कर दी। मृतका की पहचान आशा महाजन पत्नी सुभाष चंद्र महाजन के रूप में हुई है। सुभाष महाजन शहर के शाहपुर चौक में करियाना की दुकान चलाते हैं। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए महिला के सिर पर लोहे की भारी रॉड से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी खोपड़ी फट गई। इसके बाद भी अज्ञात बदमाशों ने सरिया से महिला के चेहरे और गर्दन को कई जगह से गोद डाला। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसकी रिकॉर्डिंग यूनिट (DVR) तक उखाड़ कर अपने साथ ले गए। मोहल्ले के लोगों ने चीखें सुनी तो दरवाजा खोलने का प्रयास किया। लेकिन, दरवाजा अंदर से बंद था। मोहल्लावासियों ने महिला के पति को बुलाया औऱ दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए तो पैरों तले से जमीन खिसक गई। अंदर महिला खून से लथपथ पड़ी थी। जिसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। लेकिन, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। फिल्हाल इस मामले में थाना एक पुलिस जांच में जुटी है। कमरे से मेन गेट तक फैला था खून, चीखें सुनकर दौड़े पड़ोसी घटना रात लगभग 9 से 9:15 बजे के बीच की है। उस समय बुजुर्ग महिला घर में अकेली थीं और उनके पति और बेटा दुकान पर थे। अचानक घर के भीतर से आशा महाजन के जोर-जोर से रोने और चीखने की आवाजें आने लगीं। आवाजें सुनकर पड़ोसी और स्थानीय निवासी टोनी सहित कई लोग तुरंत गली में इकट्ठा हो गए। जब उन्होंने मुख्य द्वार खोलने की कोशिश की तो वह अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका के चलते मोहल्ले के युवाओं ने बिना वक्त गंवाए दरवाजा तोड़ दिया। अंदर प्रवेश करते ही लोगों के होश उड़ गए। कमरे से लेकर मेन गेट तक फर्श पर सिर्फ खून ही खून फैला हुआ था और आशा महाजन लहूलुहान हालत में तड़प रही थीं। मोहल्लावासी टोनी ने आपबीती बताते हुए कहा कि हम घर पर ही बैठे थे जब आंटी की बहुत तेज चीखें सुनाई दीं। हम भागकर गली में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। जब तक हमने दरवाजा तोड़ा, तब तक हमलावर उनका चेहरा और सिर पूरी तरह क्षत-विक्षत कर चुके थे। हम जब उन्हें उठाने लगे तो चेहरा देखकर हमारी रूह कांप गई, पूरा चेहरा बिगाड़ दिया गया था। गंभीर रूप से जख्मी आशा महाजन को मोहल्ले के बलदेव के बेटे और अन्य युवाओं की मदद से तुरंत निजी वाहन में सुखसदन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। छत के रास्ते दाखिल हुए, साक्ष्य मिटाने को उखाड़ी DVR शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों से आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। चूंकि नीचे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, इसलिए पूरी संभावना है कि आरोपियों ने अंदर घुसकर पहले मुख्य द्वार की कुंडी लगाई ताकि कोई अचानक अंदर न आ सके और फिर आराम से हत्या की वारदात को अंजाम दिया। सुरक्षा के लिहाज से महाजन परिवार ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। लेकिन शातिर अपराधियों को इसकी जानकारी थी। हत्या करने के बाद आरोपियों ने दीवार पर लगा कैमरा और पूरी सिस्टम यूनिट (डीवीआर) उखाड़ ली और जिस रास्ते आए थे, उसी छतों के रास्ते गायब हो गए। पूर्व पार्षद और मोहल्लावासियों ने पुलिस पर लगाए आरोप इस खौफनाक हत्याकांड के बाद पूरे पठानकोट शहर और खासकर वार्ड नंबर 15 में मातम के साथ-साथ भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का सीधा आरोप है कि शहर में नशा चरम पर है और नशे की पूर्ति के लिए आए दिन ये घटनाएं हो रही हैं। पूर्व पार्षद रामपाल विक्की ने घटनास्थल पर प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने दोपहर में ही पुलिस को चेतावनी दी थी कि मोहल्लों में नशे का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। विक्की ने दावा किया कि अज्ञात युवक रात 1 बजे तक मोहल्लों में आवारागर्दी करते हैं। वे दिन-रात बंद पड़े घरों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों के घरों की 'रेकी' करते हैं। पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। नशेड़ियों को पकड़ो तो आधे घंटे में छूटकर वापस आ जाते हैं। मोहल्ला वासियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई सामान्य चोरी का मामला नहीं लगता, बल्कि चोरी के इरादे से घुसे नशेड़ियों ने पहचान लिए जाने के डर से या विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की जान ले ली। निवासियों ने मांग की है कि गलियों में पैदल या बाइक राइडिंग गश्त दोबारा शुरू की जाए। एसपी और एसएसपी समेत भारी पुलिस बल तैनात,फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही पठानकोट के एसपी (डी) जगदीश अत्री, स्पेशल ब्रांच के सीआईए इंस्पेक्टर मनदीप सल्गौत्रा और स्थानीय एसएचओ दविंदर काश्नी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरी इमारत को सील कर दिया गया और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने उंगलियों के निशान और खून के नमूने एकत्र किए। एसपी जगदीश अत्री बोले-जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी एसपी जगदीश अत्री ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि घरथौली मोहल्ले में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई है। हमारी सीआईए, एसएचओ और सीनियर ऑफिसर्स की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। एफआईआर दर्ज की जा रही है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी महिला की हत्या के इरादे से ही घर में घुसे थे। परिवार के अन्य सदस्य भी आ चुके हैं, वे घर का सामान चेक कर रहे हैं ताकि पता चल सके कि कोई लूटपाट हुई है या नहीं। फिलहाल परिवार ने किसी पर शक नहीं जताया है, लेकिन हम रंजिश, लूट और नशा तीनों एंगल से जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।