समाचार · मध्य प्रदेश
सीधी की सोन नदी में महिला का शव दिखा:अमिलिया-जोगदहा पुल के पास दिखा; अंतिम संस्कार के बाद नदी में बहने की आशंका
सीधी के अमिलिया-जोगदहा पुल के पास रविवार देर रात सोन नदी में एक अज्ञात महिला का शव बहता दिखा। ग्रामीणों ने रात करीब 12 बजे अमिलिया-जोगदहा पुल के पास शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले शव तेज बहाव में आगे बह गया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। तेज बहाव में बह गया शव सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश बैस पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नदी के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शव के कई किलोमीटर दूर बह जाने की आशंका है। मौत की वजह स्पष्ट नहीं थाना प्रभारी ने प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई है कि किसी स्थान पर अंतिम संस्कार के बाद शव नदी में बहाया गया होगा। तेज बहाव के कारण शव अमिलिया-जोगदहा पुल तक पहुंचने की बात कही गई है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी में कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सोन नदी में बढ़ा हुआ है बहाव क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण सोन नदी उफान पर है। अमिलिया-जोगदहा पुल के पास तेज बहाव के साथ लकड़ियां और लट्ठे भी बहकर आ रहे हैं। बाणसागर नहर का गेट खोले जाने से भी नदी में पानी का प्रवाह बढ़ा हुआ बताया गया है। थाना प्रभारी राकेश बैस ने लोगों से अपील की है कि नदी के बढ़े जलस्तर और तेज धार को देखते हुए कोई भी व्यक्ति नदी के किनारे या पुल के नीचे जाने का जोखिम न उठाए। उन्होंने खासकर लकड़ियां निकालने और मवेशियों को नदी के पास ले जाने से बचने की अपील की है।