समाचार · मध्य प्रदेश
रास्त के विवाद में युवक पर हमला, गंभीर हालत:शाजापुर में जिला अस्पताल रेफर; शिकायत पर एक्शन लेगी पुलिस
शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम रिज़ावता में शुक्रवार शाम एक रास्ता विवाद में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना शाम 4 से 5 बजे के बीच हुई। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहन बड़ोदिया ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे शाजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। इसलिए हुआ विवाद घायल दयाराम ने बताया कि पड़ोसियों ने उनके घर के सामने का रास्ता बंद कर दिया था। जब उन्होंने रास्ता अवरुद्ध न करने को कहा, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। दयाराम का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दयाराम के अनुसार, कुछ दिन पहले भी इसी रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। उस समय डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को रास्ता अवरुद्ध न करने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद यह विवाद दोबारा हो गया और मारपीट की घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।