सीहोर में बेटे ने की पिता की पीट-पीटकर हत्या:रोते हुए बोली मां- बेटा लंबे समय से कर रहा था परेशान, अब मार डाला

Spread the love

सीहोर के गंज क्षेत्र के कोली मोहल्ले में शुक्रवार रात बेटे ने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पिता-पुत्र के विवाद ने लिया खतरनाक रूप कोली मोहल्ले में गंज निवासी सोनू शाक्य का अपने पिता सुभाष शाक्य से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि सोनू शाक्य ने अपने पिता पर हमला कर दिया और उनकी जमकर पिटाई की। इस हमले में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें परिजन और आसपास के लोगों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे सोनू शाक्य को हिरासत में ले लिया। फिलहाल आरोपी से थाने में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस कारण से शुरू हुआ था। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके। मां का दर्द: 10 साल से कर रहा था परेशान मृतक की पत्नी कृष्णा बाई ने बताया कि उनका बेटा लंबे समय से परिवार को परेशान कर रहा था। उन्होंने कहा कि वह करीब 10 साल से घर में विवाद करता आ रहा है और अक्सर झगड़ा करता रहता था। उनका बेटा छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता था और हमेशा लड़ाई के लिए तैयार रहता था। उन्होंने कहा कि घर में अक्सर तनाव का माहौल बना रहता था। पिता के टोकने पर भड़क जाता था बेटा मां के अनुसार, यदि पिता उसके देर से घर आने या किसी बात पर सवाल करते थे, तो वह भड़क जाता था। उन्होंने कहा कि पिता को बेटे से सवाल पूछने का पूरा अधिकार था, लेकिन वह हर बार विवाद खड़ा कर देता था। इस घटना के बाद पूरे कोली मोहल्ले में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। लोग इस बात से हैरान हैं कि एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।