सिरसा के भूर्टवाला में सगे भाई-बहन नशीली दवाएं बेचते पाए जाने के मामले में ड्रग विभाग की ओर से आरोपियों के परिवार को नोटिस थमाए जाएंगे। इसे लेकर ड्रग विभाग की टीम आरोपियों के घर पर सोमवार को जाएगी और नोटिस देकर एक सप्ताह में जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले में पुलिस भी जांच में जुटी है। आरोपी युवती को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। उसकी हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी युवती के भाई की तलाश में जुटी है और उसके लिए दाबिश दी जा रही है। वह उस दिन से फरार चल रहा है और उसकी बहन घर में भारी मात्रा के साथ नशीली प्रतिबंधित दवाईयों के साथ पकड़ी गई। जानकारी के अनुसार, इसका ग्रामीण कई दिन से विरोध कर रहे थे। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने ड्रग विभाग एवं पुलिस से की तो दोनों विभाग से संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारा तो टीम भी दंग रह गई। घर में अलमारी में ये नशीली दवाएं छिपाई हुई थी, जो युवाओं को चोरी-चुपके से बेची जा रही थी। इसका ग्रामीणों ने विरोध किया था और गांव के युवाओं को नशीली दवाएं बेचने से मना किया, पर वे नहीं माने। युवती का भाई पकड़े जाने पर चलेगा सप्लायर का पता : डीसीओ ड्रग कंट्रोल ऑफिसर केशव वशिष्ठ के अनुसार, पहले आरोपी को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। इनके पास न लाइसेंस है तो न ही इतने पढ़े-लिखे। पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी और विभाग अपनी कार्रवाई करेगा। युवती का भाई पकड़े जाने पर ही सप्लायर का पता चल पाएगा। बाकी डिटेल खंगाली जा रही है। 6600 और 300 अलग-अलग कैप्सूल जो मिले थे, उनको कब्जे में ले लिया है। युवती आना-कानी जवाब पर पकड़ी गई ड्रग विभाग के अनुसार, शुक्रवार देर शाम को जब टीम छापेमारी के लिए पहुंची तो भूर्टवाला के ग्रामीणों ने काफी शिकायतें की। शक के आधार पर घर पर छापेमारी की गई तो युवक को इसकी भनक लग गई और वह फरार हो गया। उस वक्त युवती रीना रानी ने पूछताछ में खुलासा कर दिया और वह भावुक होते हुए उसे कुछ न पता होने की बात कही और न ही सप्लायर के बारे में बताया। बार-बार आना-कानी करने लगी। इसी पर पुलिस को उसके संलिप्त होने का शक हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस व विभाग पता लगाएगा कि इनको बेचने के लिए ये नशीली दवाएं किसने बेची थी या इन्होंने कहां से इतनी मात्रा में नशीली दवाएं खरीदी थी।
सिरसा सगे भाई-बहन नशीली दवाईयां बेचने मामले में नोटिस जारी:भूर्टवाला में मिली थी खेप, आरोपी युवक की तलाश में दाबिश
