Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

national

जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी से शादी की तैयारी में थी महिला, ATS ने किया गिरफ्तार

INT News26 June 2026 at 05:51 pm

Honey trap News : राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने जयपुर की महिला बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा (38 ) को आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुलिस का दावा है कि महिला पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े लोगों के संपर्क में थी. महिला को 27 जून तक पुलिस रिमांड पर रखा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

पहलगाम हमले के बाद बढ़ी दिलचस्पी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह साल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद उसने सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी आतंकियों के बारे में जानकारी तलाशना शुरू की. इसी दौरान उसका पाकिस्तान और पीओके से जुड़े कई फेसबुक पेजों से संपर्क हुआ.

मोबाइल से मिले चैट और नंबर

जांच एजेंसियों के अनुसार, बबीता धाकड़ के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट से कई पाकिस्तानी नागरिकों और कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े चैट, वीडियो और कांटेक्ट नंबर मिले हैं.महिला पर आरोप है कि उसने भारतीय मोबाइल नंबरों के OTP भी साझा किए, जिनका इस्तेमाल सोशल मीडिया अकाउंट चलाने के लिए किया गया.

ऑनलाइन दोस्ती से शादी तक की बात

पुलिस ने जांच कर खुलासा किया है कि आरोपी महिला बबीता धाकड़ की ऑनलाइन पहचान अबू उबैदा नाम के एक शख्स से हुई. दोनों के बीच लंबे समय तक चैट और वीडियो कॉल होती रही. पुलिस FIR के मुताबिक उसने महिला को इस्लाम अपनाने, नमाज पढ़ने और कुरान सीखने के लिए प्रेरित किया. अबू उबैदा ने आरोपी बबीता धाकड़ को पाकिस्तान आकर शादी करने और जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करने का ऑफर दिया.

नेपाल के रास्ते पाकिस्तान जाने की योजना

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला बबीता धाकड़, अबू उबैदा और एक ऑनलाइन मौलवी के बीच नेपाल के रास्ते सऊदी अरब या यूएई होते हुए पाकिस्तान जाने की योजना पर चर्चा हुई थी. इस यात्रा के खर्च के लिए क्रिप्टोकरेंसी के इस्तेमाल पर भी बातचीत हुई, जिसके बाद महिला ने इससे जुड़े ऐप को डाउनलोड किया गया.

जांच अभी जारी

जांच एजेंसियों का कहना है कि महिला के मोबाइल की फोरेंसिक जांच अभी जारी है। पुलिस का दावा है कि उसे ऑनलाइन हनी ट्रैप के जरिए कट्टरपंथी नेटवर्क से जोड़ा गया था। हालांकि, मामले के सभी आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।